Wednesday , April 29 2026

दिल्ली : गाना बदलने से इनकार करने पर डीजे बजाने वाले युवक को चाकू से गोदा

समयपुर बादली इलाके में शादी समारोह के दौरान गाना बदलने से इंकार करने पर डीजे बजाने वाले युवक को चाकू से गोद दिया गया। पीड़ित की पहचान विशाल (18) के रूप में हुई है। घायल युवक को पास के अस्पताल में ले जाया गया, जहां से उसे लोकनायक अस्पताल में रेफर कर दिया गया है। पीड़ित के बयान पर पुलिस ने गंभीर चोट पहुंचाने का मामला दर्ज कर लिया है।

विशाल सपरिवार सिरसपुर इलाके में रहता है। वह समारोहों में डीजे बजाने का काम करता है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि बृहस्पतिवार रात 11 बजे पुलिस को शिव वाटिका में एक युवक को चाकू मारे जाने की जानकारी मिली। मौके पर पहुंची पुलिस को पता चला कि घायल विशाल को इलाज के लिए जगजीवन राम अस्पताल लेकर गए हैं। वहां पहुंचने पर पता चला कि उसे लोकनायक अस्पताल में रेफर कर दिया गया है। पुलिस लोकनायक अस्पताल पहुंची। जहां पता चला कि विशाल के पीठ में चाकू से गोदा गया है। उसका इलाज चल रहा है।

पूछताछ में विशाल ने बताया कि शिव वाटिका में एक शादी समारोह में डीजे बजा रहा था। इसी दौरान एक युवक उसके पास आया और गाना बदलने के लिए कहा। मना करने पर वह कहासुनी करने लगा। अचानक उसने हाथापाई करते हुए उसकी पीठ में चाकू मार दिया। घटना को अंजाम देकर आरोपी वहां से फरार हो गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान कर ली गई है। वह अभी घर से फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।

Check Also

Raja Shivaji Cut : रिलीज से पहले Raja Shivaji पर चली कैंची, हटे बड़े सीन!

बॉलीवुड अभिनेता रितेश देशमुख का बहुप्रतीक्षित ड्रीम प्रोजेक्ट ‘राजा शिवाजी’ रिलीज से पहले ही सुर्खियों …