Saturday , April 18 2026

Indian Regional Languages-भोजपुरी भाषा को बचाने की मुहिम: ‘लिट्टी-बाटी-चोखा’ पर हुई बैठक, अश्लीलता के खिलाफ छेड़ा अभियान

देवरिया, 15 अप्रैल 2026। एक तरफ जहां भोजपुरी भाषा के अस्तित्व पर संकट मंडरा रहा है, वहीं दूसरी तरफ भोजपुरी गीत-संगीत में बढ़ रही अश्लीलता के खिलाफ अब आवाज बुलंद होने लगी है। इसी कड़ी में शुद्ध भोजपुरी को बढ़ावा देने और अश्लीलता को समाप्त करने के उद्देश्य से भोजपुरी बिहान जन जागृति न्यास मंच के तत्वावधान में ‘लिट्टी-बाटी-चोखा’ पर एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया।

बैठक के दौरान वक्ताओं ने चिंता जताई कि आज की पीढ़ी अपनी मातृभाषा भोजपुरी से दूर होती जा रही है। वहीं भोजपुरी के नाम पर परोसे जा रहे द्विअर्थी व अश्लील गानों से समाज में गलत संदेश जा रहा है। मंच ने शुद्ध भोजपुरी के प्रचार-प्रसार और अश्लीलता को खत्म करने के लिए जन जागरूकता अभियान चलाने का संकल्प लिया।

‘भोजपुरी संस्कार है, फूहड़ता नहीं’
भोजपुरी बिहान जन जागृति न्यास मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं लोक गायक पंडित अंतू भोजपुरिया ने कहा, “भोजपुरी हमारी संस्कृति, संस्कार और पहचान है। इसे फूहड़ता का पर्याय बना देना भाषा के साथ अन्याय है। हम गांव-गांव जाकर लोगों को शुद्ध भोजपुरी बोलने और सुनने के लिए प्रेरित करेंगे। लिट्टी-चोखा सिर्फ हमारा भोजन नहीं, हमारी पहचान है। इसी के बहाने हम भाषा को जोड़ेंगे।”

महिला प्रकोष्ठ भी हुआ सक्रिय
बैठक में जिला प्रभारी महिला प्रकोष्ठ व लोक गायिका श्वेता पांडे ने कहा कि सबसे ज्यादा असर महिलाओं और बच्चों पर पड़ता है। “अश्लील गाने घर-परिवार में नहीं बजने चाहिए। हम महिला मंडली बनाकर स्कूल-कॉलेजों में जाकर बेटियों को जागरूक करेंगे कि वे शुद्ध भोजपुरी को अपनाएं।”

ये रहे मौजूद
इस अवसर पर नित्यानंद आनंद पुरुष जिला प्रभारी, प्रार्थना राय, प्रवीण जी, अमित तिवारी, क्षमा श्रीवास्तव, रंजीत श्रीवास्तव सहित भोजपुरी बिहान जन जागृति न्यास मंच के तमाम कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में भोजपुरी की अस्मिता बचाने और अश्लीलता के खिलाफ मुहिम को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया।

बैठक का समापन पारंपरिक लिट्टी-चोखा के साथ हुआ और तय किया गया कि जल्द ही ब्लॉक स्तर पर ऐसी ही गोष्ठियां आयोजित कर लोगों को जोड़ा जाएगा।

Check Also

Boxing Mentor Returns : मेजर इकबाल के पिता बने बॉक्सिंग कोच, मुन्ना भइया को दे रहे ट्रेनिंग

‘ग्लोरी’ का दमदार ट्रेलर रिलीज: बॉक्सिंग, बदले और रिश्तों की जटिल कहानी के साथ 1 …