
जिले में लगातार बढ़ते भ्रष्टाचार और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर सवालों के बीच एक और बड़ा हादसा सामने आया है। निर्माणाधीन स्वागत गेट अचानक भरभराकर गिर गया, जिसकी चपेट में आकर एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि चार अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार सभी मजदूर निर्माणाधीन गेट पर मजदूरी का काम कर रहे थे। इसी दौरान गेट अचानक ढह गया और वहां काम कर रहे मजदूर मलबे के नीचे दब गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत राहत कार्य में जुट गए और मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
घटना में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।
बताया जा रहा है कि यह हादसा तुलसियापुर चौराहे के पास ग्राम पंचायत मदरहिया क्षेत्र में हुआ। जिस स्वागत गेट का निर्माण किया जा रहा था, वह स्थानीय सब्जी मंडी का प्रवेश द्वार बताया जा रहा है।
हादसे के बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर घटना की जांच में जुट गए हैं।



