उन्नाव में दोस्ती का खौफनाक अंत: शराब पिलाकर दोस्त की गला दबाकर हत्या, नहर किनारे फेंका शव, अवैध प्रेम संबंध बना वजह
उन्नाव जनपद से एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है, जहां दोस्ती, प्रेम प्रसंग और साजिश ने मिलकर एक युवक की जान ले ली। उन्नाव पुलिस ने अजगैन थाना क्षेत्र में हुई इस नृशंस हत्या का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला 21 दिसंबर की रात का है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थी।
मृतक की पहचान कुशुम्भी थाना क्षेत्र निवासी विपिनेश पुत्र ललित के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार 21 दिसंबर की सुबह विपिनेश रोज़ की तरह घर से काम पर जाने के लिए निकले थे, लेकिन देर शाम तक जब वह वापस नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई। आसपास रिश्तेदारों और जान-पहचान वालों के यहां तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने अजगैन थाने में विपिनेश की गुमशुदगी दर्ज कराई।
गुमशुदगी की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की। शुरुआती स्तर पर कोई ठोस जानकारी हाथ नहीं लगी, लेकिन पुलिस ने मृतक के संपर्कों और कॉल डिटेल रिकॉर्ड की गहन जांच शुरू की। मोबाइल लोकेशन और बातचीत के आधार पर पुलिस का शक मृतक के कुछ करीबी लोगों पर गया।
पुलिस ने संदिग्धों से सख्ती से पूछताछ की, जिसमें अवैध कुमार और विशाल कुमार नाम के युवकों ने पूरी साजिश का खुलासा कर दिया। पूछताछ में सामने आया कि मृतक विपिनेश की पत्नी से आरोपी अजय के अवैध प्रेम संबंध थे। इसी प्रेम प्रसंग को लेकर काफी समय से विवाद और तनाव चल रहा था। मृतक को इस रिश्ते की जानकारी थी, जिससे आरोपियों के मन में रंजिश और डर दोनों बढ़ता चला गया।
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि 21 दिसंबर की रात उन्होंने विपिनेश को शराब पिलाने के बहाने जंगल की ओर बुलाया। वहां उसे जमकर शराब पिलाई गई। जब विपिनेश नशे में पूरी तरह धुत हो गया, तो तीनों आरोपियों ने मिलकर उसका गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को मोटरसाइकिल पर लादकर मेढ़ी टीकर गांव के पास नहर की पटरी के किनारे फेंक दिया गया।
पुलिस से बचने और सबूत मिटाने के इरादे से आरोपियों ने मृतक की साइकिल, मोबाइल फोन और जरूरी कागजात को अलग-अलग स्थानों पर छिपा दिया, ताकि हत्या को हादसा या गुमशुदगी का रूप दिया जा सके। हालांकि पुलिस की सतर्कता और तकनीकी जांच के चलते आरोपियों की यह साजिश ज्यादा दिन नहीं चल सकी।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर नहर किनारे से मृतक का शव बरामद किया। साथ ही हत्या में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, मृतक का मोबाइल फोन और अन्य अहम साक्ष्य भी बरामद कर लिए गए हैं। पूरे मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
इस खुलासे को एसपी जयप्रकाश सिंह के निर्देश पर अजगैन पुलिस और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई की बड़ी सफलता माना जा रहा है। अपर पुलिस अधीक्षक प्रेमचंद ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस जघन्य हत्याकांड में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता तो नहीं है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी।
इस सनसनीखेज वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं।
Hind News 24×7 | हिन्द न्यूज़ Latest News & Information Portal