देर रात दिबियापुर की सड़कों पर उतरे एसपी औरैया
लोकेशन – औरैया, उत्तर प्रदेश
औरैया जनपद में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। इसी क्रम में देर रात बिना किसी पूर्व सूचना के एसपी अभिषेक भारती औद्योगिक नगर दिबियापुर की सड़कों पर उतर आए और पुलिस की रात्रि गश्त का औचक निरीक्षण किया, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
घने कोहरे और ठंड के मौसम में अपराध की आशंका को देखते हुए पुलिस अधीक्षक औरैया अभिषेक भारती ने खुद मोर्चा संभाल लिया। देर रात एसपी बिना किसी सुरक्षा दल या पूर्व सूचना के अकेले ही दिबियापुर थाना क्षेत्र में पहुंचे और सड़क पर मौजूद पुलिसकर्मियों की रात्रि गश्त की स्थिति को परखा।
अचानक एसपी को सड़क पर देखकर न केवल ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी चौंक गए, बल्कि अराजक तत्वों में भी खलबली मच गई। एसपी ने प्रमुख चौराहों, सुनसान इलाकों, बाजार क्षेत्रों और औद्योगिक क्षेत्र में पैदल और वाहन गश्त की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एसपी अभिषेक भारती ने पुलिसकर्मियों से सीधे संवाद किया और ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। उन्होंने निर्देश दिए कि कोहरे के दौरान गश्त और सतर्कता और बढ़ाई जाए, संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग की जाए तथा रात में होने वाली चोरी, लूट और अन्य आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण रखा जाए।
एसपी ने यह भी निर्देश दिए कि सभी पुलिसकर्मी अपनी बीट में लगातार मूवमेंट बनाए रखें और जनता के साथ संवाद कर सुरक्षा का भरोसा दिलाएं। उन्होंने कहा कि औद्योगिक नगर दिबियापुर जैसे क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होना बेहद जरूरी है, ताकि श्रमिकों और स्थानीय लोगों को किसी प्रकार का भय न रहे।
एसपी के इस औचक निरीक्षण की खबर फैलते ही पूरे जनपद में इसकी चर्चा होने लगी। आम जनता और सामाजिक संगठनों ने एसपी अभिषेक भारती की कार्यशैली की जमकर सराहना की और इसे अपराध नियंत्रण की दिशा में एक मजबूत कदम बताया।
फिलहाल पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि इस तरह के औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे और किसी भी कीमत पर कानून-व्यवस्था से समझौता नहीं किया जाएगा।
Hind News 24×7 | हिन्द न्यूज़ Latest News & Information Portal