
मुंबई: अभिनेत्री कैटरीना कैफ इन दिनों अपने पोस्टपार्टम फेज को लेकर चर्चा में हैं। नवंबर 2025 में पति विक्की कौशल के साथ बेटे विहान का स्वागत करने के बाद से कैटरीना ने अपनी निजी जिंदगी और परिवार को प्राथमिकता दी है। हाल ही में गणपति समारोह के दौरान उनकी सार्वजनिक मौजूदगी के बाद सोशल मीडिया पर उनके लुक और वजन को लेकर कई तरह की टिप्पणियां सामने आईं। कुछ यूजर्स ने उनकी पुरानी और नई तस्वीरों की तुलना करते हुए उन्हें ट्रोल भी किया।
कैटरीना के समर्थन में कई फिल्मी सितारे भी सामने आए। अली जफर, सोनारिका भदौरिया, शिवालिका ओबेरॉय और ऋतिक रोशन समेत कई कलाकारों ने बॉडी शेमिंग को लेकर अभिनेत्री का बचाव किया। इसी बीच कैटरीना ने अपने पोस्टपार्टम अनुभव और खूबसूरती को लेकर बदले नजरिए पर खुलकर बात की है।
प्रेग्नेंसी के बाद संवेदनशील हुई त्वचा
‘द हॉलीवुड रिपोर्टर इंडिया’ को दिए इंटरव्यू में कैटरीना ने बताया कि प्रेग्नेंसी के बाद उनकी त्वचा पहले की तुलना में ज्यादा संवेदनशील हो गई थी। अभिनेत्री के मुताबिक, इस दौरान उन्हें अपनी त्वचा के लिए सही प्रोडक्ट्स चुनने में काफी सावधानी बरतनी पड़ी।
उन्होंने बताया कि वह ऐसे स्किनकेयर प्रोडक्ट्स की तलाश में थीं, जो त्वचा को आराम देने के साथ उसे शांत और स्वस्थ रखने में मदद करें। कैटरीना ने इस दौर को उनके लिए सीखने और अपने शरीर को बेहतर तरीके से समझने वाला समय बताया।
खूबसूरती के मायने बदल गए
कैटरीना ने अपने करियर के शुरुआती दिनों को याद करते हुए कहा कि उस समय खूबसूरती को लेकर समाज में कई तरह के तय मानक मौजूद थे। मॉडलिंग और एक्टिंग की शुरुआत के दौरान उन्होंने भी इन धारणाओं को महसूस किया।
हालांकि, अब अभिनेत्री के लिए खूबसूरत दिखने का मतलब बदल चुका है। उनके अनुसार, अब सबसे अच्छा दिखना केवल बाहरी सुंदरता तक सीमित नहीं है, बल्कि खुद को अच्छा और स्वस्थ महसूस करना ज्यादा महत्वपूर्ण है। कैटरीना का मानना है कि जब व्यक्ति अंदर से स्वस्थ और आत्मविश्वास से भरा महसूस करता है तो उसका असर चेहरे और व्यक्तित्व पर भी दिखाई देता है।
हेल्दी लाइफस्टाइल को देती हैं प्राथमिकता
कैटरीना ने अपनी रोजमर्रा की कुछ आदतों के बारे में भी बात की। उन्होंने हेल्दी डाइट, शरीर में सूजन को नियंत्रित रखने, नियमित रूप से एक्टिव रहने और मेडिटेशन को अपनी प्राथमिकताओं में शामिल बताया।
इसके अलावा वह सुबह का कुछ समय बिना फोन के बिताने और दिन की शुरुआत प्राकृतिक रोशनी में करने को भी अहम मानती हैं। अभिनेत्री के मुताबिक, इन छोटी-छोटी आदतों से उन्हें शारीरिक और मानसिक तौर पर बेहतर महसूस होता है।
फिलहाल परिवार पर ध्यान
बेटे विहान के जन्म के बाद कैटरीना ने अपने काम से ब्रेक लिया है। फिलहाल वह अपने परिवार और निजी जिंदगी को समय दे रही हैं। अभी उनकी किसी नई फिल्म की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है और न ही किसी आगामी प्रोजेक्ट की शूटिंग का शेड्यूल सामने आया है।

वहीं, विक्की कौशल भी कई मौकों पर कैटरीना की तारीफ कर चुके हैं। उन्होंने प्रेग्नेंसी के दौरान उनकी हिम्मत और जज्बे की सराहना करते हुए उन्हें सुपरहीरो बताया था। अब कैटरीना की पोस्टपार्टम जर्नी पर सामने आया उनका बयान सोशल मीडिया पर चल रही बॉडी शेमिंग की बहस के बीच खासा ध्यान खींच रहा है।




