उत्तर प्रदेशटॉप न्यूज़देशराज्य

रायबरेली: बंदर के हमले से बुजुर्ग की मौत, गांव में दहशत का माहौल

रायबरेली। खीरों थाना क्षेत्र के सेहरामऊ गांव में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। खेत में काम कर रहे एक बुजुर्ग किसान पर अचानक बंदर ने हमला कर दिया। ग्रामीणों के अनुसार हमला इतना गंभीर था कि बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए।

परिजन और गांव के लोग आनन-फानन में घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) खीरों लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए तुरंत रायबरेली जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया।

इस हादसे के बाद पूरे गांव में मातम और दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कई महीनों से गांव में बंदरों का आतंक लगातार बढ़ रहा है। आए दिन बंदर खेतों में फसल को नुकसान पहुंचाते हैं, घरों में घुसकर खाने-पीने का सामान उठा ले जाते हैं और कई बार लोगों पर हमला भी कर चुके हैं।

गांववालों का कहना है कि प्रशासन को कई बार शिकायत दी गई है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। ग्रामीणों ने मांग की है कि बंदरों के बढ़ते हमलों पर तुरंत रोक लगाई जाए और वन विभाग व प्रशासन मिलकर इस समस्या का समाधान करें।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बंदरों की बढ़ती संख्या से लोग खासकर बच्चे और बुजुर्ग सुरक्षित महसूस नहीं कर पा रहे हैं। लोग खेतों और छतों पर काम करने में भी डरने लगे हैं।

इस दुखद घटना के बाद सेहरामऊ गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और ग्रामीण प्रशासन से तत्काल कार्यवाही की उम्मीद कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button