
संभल जनपद के ब्लॉक संभल अंतर्गत ग्राम पंचायत पीपली रामपुर में संगठन विस्तार और गांव की प्रमुख समस्याओं को लेकर एक आवश्यक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में गांव की मूलभूत सुविधाओं की कमी, सरकारी योजनाओं का लाभ न मिलना और लंबे समय से चली आ रही समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए संगठन के जिला अध्यक्ष संभल कामेन्द्र चौधरी ने कहा कि ग्राम पंचायत पीपली रामपुर आज भी सरकार द्वारा संचालित कई जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित है। गांव में पानी की समुचित निकासी की व्यवस्था न होने के कारण मुख्य मार्गों पर हमेशा जलभराव की स्थिति बनी रहती है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। जलभराव के चलते गांव में बीमारियों के फैलने का खतरा भी लगातार बना हुआ है।
उन्होंने कहा कि गांव का चामुंडा मंदिर, जो ग्रामीणों की धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र है, उसके मुख्य मार्ग से लेकर मंदिर परिसर के आसपास गंदगी फैली हुई है। इसके बावजूद ग्राम पंचायत स्तर पर न तो नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था है और न ही जल निकासी को लेकर कोई ठोस कदम उठाए गए हैं। चामुंडा मंदिर तक जाने वाला मुख्य मार्ग पूरी तरह से जर्जर अवस्था में पहुंच चुका है, जिससे श्रद्धालुओं और ग्रामीणों को काफी दिक्कतें हो रही हैं। उन्होंने मांग की कि इस मार्ग का अति शीघ्र निर्माण कराया जाए।
बैठक में उपस्थित ग्राम पंचायत सचिव देवेश कुमार ने ग्रामीणों और संगठन के पदाधिकारियों को आश्वासन दिया कि उठाई गई समस्याओं का तीन दिनों के भीतर समाधान कराया जाएगा। उनके इस आश्वासन के बाद बैठक का समापन किया गया।
इस बैठक में संगठन के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रमुख रूप से युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलदीप शर्मा, जिला अध्यक्ष संभल कामेन्द्र चौधरी, जिला उपाध्यक्ष मिंकू चौधरी, जिला संरक्षक शिवनारायण सैनी, जिला सलाहकार सरदार गुरु वचन सिंह, जिला प्रचार मंत्री चौधरी संतवीर सिंह, जिला मंत्री खेमपाल यादव, जिला मंत्री (अल्पसंख्यक मोर्चा) सुफियान पाशा, तहसील संरक्षक सेवक सैनी, तहसील अध्यक्ष (अल्पसंख्यक मोर्चा) मेहंदी हसन, तहसील उपाध्यक्ष राज्यपाल कश्यप, युवा ब्लॉक उपाध्यक्ष मो. हसन, ब्लॉक महासचिव मनीराम गूर्जर, ब्लॉक अध्यक्ष उदल सिंह, ब्लॉक महासचिव पंवासा श्रीपाल यादव, चिराग यादव, कनिक चौधरी, अतुल कुमार, विपिन कुमार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इसके अलावा महिला मोर्चा से ब्लॉक महासचिव ननिहा देवी, ब्लॉक सचिव निशा देवी, दिलवरी देवी समेत सैकड़ों महिला और पुरुष कार्यकर्ताओं की उपस्थिति ने बैठक को मजबूती प्रदान की।
बैठक के माध्यम से संगठन ने साफ संकेत दिया कि यदि तय समय में समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आगे और बड़ा आंदोलन किया जा सकता है। ग्रामीणों को अब प्रशासन से जल्द ठोस कार्रवाई की उम्मीद है।




