
स्लग — जाली करेंसी छापने वाले इनामी बदमाश से पुलिस की हुई मुठभेड़
लोकेशन — बुलंदशहर
संवाददाता — दीपक पंडित
दिनांक — 18.12.2025
बुलंदशहर से बड़ी खबर सामने आई है, जहां जाली करेंसी छापने वाले इनामी बदमाश के साथ पुलिस की देर रात मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पकड़ा गया बदमाश लंबे समय से पुलिस को वांछित था और नकली नोटों के धंधे में सक्रिय था।

पूरा मामला जनपद बुलंदशहर के थाना ककोड़ क्षेत्र का है। जहां ककोड़ थाना पुलिस रात्रि के समय संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम को झाजर की ओर से एक संदिग्ध बाइक सवार व्यक्ति आता हुआ दिखाई दिया।
पुलिस द्वारा जब उसे रोकने का इशारा किया गया, तो बाइक सवार नहीं रुका और तेज रफ्तार में खुर्जा रोड की तरफ भागने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसका पीछा किया।
कुछ ही दूरी पर बदमाश की बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। खुद को घिरा हुआ देख बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा।
इसके बाद पुलिस टीम ने घायल बदमाश को मौके से दबोच लिया। गिरफ्तार बदमाश की पहचान सुनील कुमार उर्फ लेफ़्टी, निवासी गांव आजमपुर हुसैनपुर, थाना ककोड़ के रूप में हुई है।
पुलिस ने बदमाश के कब्जे से
-
एक अवैध 315 बोर का तमंचा,
-
जिंदा कारतूस,
-
और एक चोरी की बाइक बरामद की है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। घायल बदमाश को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
भास्कर कुमार मिश्रा (सीओ सिकंदराबाद)
“गिरफ्तार अभियुक्त शातिर किस्म का अपराधी है। यह अपने साथियों के साथ मिलकर प्रिंटर की मदद से जाली करेंसी नोट छापता था और उन्हें बाजार में असली नोट के रूप में चलाता था। आरोपी के खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।”
फिलहाल पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास को खंगालने में जुटी हुई है और उसके गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। इस मुठभेड़ को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे जाली करेंसी के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार हुआ है।




