देवराहट थाना पुलिस को नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 48 किलो 470 ग्राम अवैध गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस बरामदगी के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
पुलिस के मुताबिक, बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 25 लाख रुपये आंकी जा रही है। तस्करी के लिए इस्तेमाल किए जा रहे ट्रक कंटेनर (HR 38AF8928) को भी मौके से सीज कर लिया गया है, जिसकी कीमत लगभग 32 लाख रुपये बताई जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस को इस तस्करी की सूचना पहले से ही मिल गई थी, जिसके आधार पर एक विशेष टीम का गठन कर जाल बिछाया गया। जैसे ही संदिग्ध ट्रक को रोका गया और तलाशी ली गई, भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। मौके से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने दोनों तस्करों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
इस पूरी कार्रवाई को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर अंजाम दिया, जिससे यह साफ है कि अवैध नशे के कारोबार पर सख्ती से लगाम कसने की तैयारी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे ताकि नशा तस्करी पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।
Hind News 24×7 | हिन्द न्यूज़ Latest News & Information Portal