Tuesday , April 28 2026

बिहार के 19 जिलों में घने कोहरे का विभाग ने ज़ारी किया अलर्ट…

बिहार में साल 2022 जाते-जाते भारी ठंड देकर जाने वाला है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के भीतर राज्यभर में न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की आशंका जताई है। राज्य के 19 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी हुआ है। गुरुवार को इन जिलों में शीतलहर जैसे हालात होने वाले हैं। ये जिले बिहार के उत्तर और पूर्वी हिस्से में हैं। मौसम विभाग के मुताबिक गुरुवार को पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, वैशाली, मुजफ्फरपुर, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, सहरसा, सुपौल, मधेपुरा, अररिया, पूर्णिया, किशनगंज और कटिहार जिले में घना कोहरा छाया रहेगा। हालांकि दक्षिण बिहार के जिलों में कोहरे का असर कम रहेगा।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक शुक्रवार सुबह तक राज्य के अधिकतर हिस्सों में न्यूनतम पारे में 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट होने के आसार हैं। इसके बाद ठंड में हल्की राहत मिल सकती है। अगले 72 घंटे के बाद न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है। यानी कि नए साल की शुरुआत में ठंड कम होने की उम्मीद है। रातों के साथ दिन भी हुए ठंडे बिहार में बुधवार को तापमान में एकदम से गिरावट देखी गई। पटना-गया समेत राज्य के अधिकतर जिलों में न्यूनतम पारा 2 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। इससे ठंड में भारी बढ़ोतरी हुई। पटना, चंपारण, सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा जैसे इलाकों में रातों के साथ-साथ दिन भी ठंडे हैं। पटना में अधिकतम तापमान बुधवार को महज 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मंगलवार के मुकाबले 5 डिग्री कम रहा। इसी तरह वाल्मीकिनगर में 15.2, मोतिहारी में 15.5, सीतामढ़ी में 15.7 और मुजफ्फरपुर में 16.6 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज हुआ। जबकि पूर्वी एवं दक्षिणी बिहार के अन्य हिस्सों में दिन का पारा 20 डिग्री से ऊपर ही रहा।

Check Also

Raja Shivaji Cut : रिलीज से पहले Raja Shivaji पर चली कैंची, हटे बड़े सीन!

बॉलीवुड अभिनेता रितेश देशमुख का बहुप्रतीक्षित ड्रीम प्रोजेक्ट ‘राजा शिवाजी’ रिलीज से पहले ही सुर्खियों …