
वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के अवसर पर गुरुवार को विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। काशी विश्वनाथ मंदिर में प्रधानमंत्री की दीर्घायु और मंगलकामना के लिए विशेष पूजा-अर्चना, हवन और महारुद्राभिषेक किया गया। इस कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान शामिल हुए।
काशी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के बीच 11 हवन कुंडों पर आहुतियां दी गईं। पुरोहितों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ और दीर्घ जीवन की कामना के साथ विशेष अनुष्ठान कराया। बाबा विश्वनाथ का महारुद्राभिषेक भी किया गया। धार्मिक अनुष्ठान के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और कार्यकर्ताओं की भी मौजूदगी रही।
राजनाथ सिंह और योगी ने दिखाई बाइक यात्रा को हरी झंडी
पूजा-अर्चना के बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने काशी से गुजरात के वडनगर के लिए रवाना होने वाली बाइक यात्रा को हरी झंडी दिखाई। यह यात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मस्थान वडनगर से जुड़ी काशी तक आयोजित किए जा रहे कार्यक्रमों का हिस्सा है। यात्रा को ‘सेवा संकल्प’ बाइक यात्रा के तौर पर आयोजित किया गया है।
इस आयोजन का उद्देश्य प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन के मौके पर सेवा और जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रमों को आगे बढ़ाना बताया गया है। यात्रा में बड़ी संख्या में बाइक सवारों के शामिल होने की जानकारी दी गई है।
वडनगर से भी काशी के लिए निकली बाइक रैली
प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन के अवसर पर गुजरात के वडनगर से भी वाराणसी के लिए बाइक रैली रवाना हुई। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इसे हरी झंडी दिखाई। कार्यक्रम में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी मौजूद रहे।
रैली रवाना होने से पहले वडनगर में प्रधानमंत्री मोदी की दीर्घायु और मंगलकामना के लिए पूजा-अर्चना की गई। अमित शाह ने कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन और नेतृत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि युवाओं को उनके जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए।
दिल्ली में भी होंगे कई कार्यक्रम
प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन को लेकर दिल्ली में भी कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कर्तव्य पथ पर शाम को 1.25 लाख दीप जलाने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने लोगों से शाम 6 से 7 बजे के बीच अपने घरों में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने की अपील की है।
इसके अलावा अलीपुर स्थित खाटूश्याम मंदिर में 100 कुंडी हवन का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इसमें हिस्सा लेकर प्रधानमंत्री मोदी की दीर्घायु की कामना की। दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम में रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया जा रहा है।

बीजेपी अध्यक्ष ने किया रक्तदान
प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी रक्तदान किया। पार्टी मुख्यालय में ‘से




