
कानपुर नगर। शहर में चल रहे सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता तथा प्रगति को लेकर कानपुर नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने देर रात करीब 12 बजे कई इलाकों का स्थलीय निरीक्षण किया। नगर आयुक्त ने विभिन्न मार्गों पर चल रहे निर्माण कार्यों की स्थिति का जायजा लिया और मौके पर सड़क की गुणवत्ता, निर्माण की गति, यूटिलिटी शिफ्टिंग, साफ-सफाई तथा निर्माण स्थलों की व्यवस्थाओं को देखा। निरीक्षण के दौरान लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को कड़े निर्देश दिए गए।
नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि सड़क निर्माण और मरम्मत के काम में गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप और तय समय सीमा के भीतर पूरे किए जाने चाहिए।
काकादेव में खुद जांची सड़क की मोटाई
निरीक्षण की शुरुआत जोन-6 के काकादेव क्षेत्र स्थित वार्ड संख्या 20 से हुई। यहां प्लांट के माध्यम से कराए जा रहे सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों का नगर आयुक्त ने निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर सड़क की गुणवत्ता का जायजा लिया और तकनीकी पैमाने की मदद से सड़क की मोटाई की स्वयं जांच की।
इस दौरान क्षेत्रीय पार्षद, सहायक अभियंता और संबंधित कार्यदायी संस्था की टीम मौजूद रही। नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और सड़क की गुणवत्ता निर्धारित मानकों के अनुरूप होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आने पर संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
देवकी चौराहे पर धीमी रफ्तार से नाराजगी
इसके बाद नगर आयुक्त देवकी चौराहा से छपेड़ा पुलिया की ओर जाने वाले मार्ग पर पहुंचे। यहां ट्रेंच की खुदाई का काम चल रहा था। नगर आयुक्त ने पाया कि पिछले निरीक्षण के दौरान कार्य को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन मौके पर अपेक्षित प्रगति नहीं हुई।
इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए क्षेत्रीय जोनल अभियंता को चेतावनी जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही काम में तेजी लाने के लिए प्रथम और द्वितीय दोनों पालियों में टीम लगाकर कार्य कराने को कहा, ताकि निर्धारित समय में काम पूरा हो सके।
क्षेत्रीय पार्षद ने चौराहे पर स्थित यूरिनल की मरम्मत और सुधार का अनुरोध भी किया। इस पर नगर आयुक्त ने सहायक अभियंता को यूरिनल का तकनीकी परीक्षण कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सीएम ग्रिड के काम में गंदगी पर फटकार
इसके बाद नगर आयुक्त ने दीप सिनेमा से सोटे बाबा मंदिर तक सीएम ग्रिड के तहत चल रहे सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। हुंडई शोरूम और पुलिस चौकी के पास बड़ी मात्रा में मलबा और कूड़ा जमा देखकर उन्होंने नाराजगी जताई। संबंधित कर्मचारियों और संस्था को तत्काल मलबा हटाने तथा पूरे स्थल की सफाई कराने के निर्देश दिए गए।
पुलिस चौकी के पास निरीक्षण के दौरान भी सीएंडडी वेस्ट, मिट्टी और मलबा बड़ी मात्रा में जमा मिला। स्थल की खराब स्थिति पर नगर आयुक्त ने संबंधित कार्यदायी संस्था को अंतिम चेतावनी देने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि 24 घंटे के भीतर मलबा, सीएंडडी वेस्ट और मिट्टी पूरी तरह हटाकर स्थल को साफ नहीं किया गया तो संबंधित संस्था के खिलाफ कठोर कार्रवाई करते हुए जुर्माना लगाया जाएगा।
यूटिलिटी शिफ्टिंग के बाद सड़क निर्माण में तेजी के निर्देश
अंत में नगर आयुक्त ने यू.पी. किराना स्कूल के पास सीएम ग्रिड के तहत चल रहे सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने सड़क को तत्काल क्लियर कराने के निर्देश दिए। संबंधित संस्था ने बताया कि यूटिलिटी शिफ्टिंग का काम पूरा हो चुका है, जबकि जल निगम की एक पाइपलाइन की कनेक्टिंग का काम अभी बाकी है। संस्था ने इसे आगामी दो दिनों में पूरा करने की जानकारी दी।

नगर आयुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया कि शहर में चल रहे सड़क निर्माण कार्यों को तय समय सीमा में पूरा किया जाए। साथ ही निर्माण स्थलों पर स्वच्छता, यातायात व्यवस्था और आम लोगों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए।




