बांदा पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। कोतवाली नगर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने अंतर्राज्यीय चोरी और टप्पेबाजी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 6 शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से करीब 32 लाख रुपये कीमत के जेवरात, नकदी और दो चार पहिया वाहन भी बरामद किए हैं। यह गिरोह कई राज्यों में सक्रिय था और बेहद सुनियोजित तरीके से वारदातों को अंजाम देता था।
बांदा जनपद में अपराध पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को यह बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली नगर पुलिस और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय चोर गिरोह के 6 सदस्यों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी हरियाणा और राजस्थान के निवासी बताए जा रहे हैं, जो लंबे समय से अलग-अलग राज्यों में घूमकर चोरी और टप्पेबाजी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। पुलिस के मुताबिक, यह गिरोह विशेष रूप से भीड़भाड़ वाले बाजारों, धार्मिक स्थलों और मंदिरों को निशाना बनाता था, जहां लोगों की भीड़ का फायदा उठाकर ये आसानी से वारदात को अंजाम देते थे।
पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि गिरोह के सदस्य आपस में रिश्तेदार हैं और पूरी योजना के तहत अपराध करते थे। ये लोग वारदात से पहले रेकी करते थे और फिर मौके की नजाकत को देखते हुए चोरी करते थे। इतना ही नहीं, गिरोह अपने साथ बच्चों का भी इस्तेमाल करता था ताकि किसी को उन पर शक न हो सके।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने करीब 32 लाख रुपये के कीमती जेवरात, नकदी और दो चार पहिया वाहन बरामद किए हैं। बरामद सामान में सोने-चांदी के आभूषण शामिल हैं, जिन्हें अलग-अलग जगहों से चोरी किया गया था।
पुलिस का कहना है कि यह गिरोह काफी समय से सक्रिय था और इसके तार कई राज्यों से जुड़े हो सकते हैं। फिलहाल पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है और इनके पूरे आपराधिक नेटवर्क को खंगाल रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इन आरोपियों ने अब तक किन-किन जगहों पर वारदातों को अंजाम दिया है।
शिवराज सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक, बांदा
“कोतवाली नगर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम द्वारा 6 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है, जो एक अंतर्राज्यीय गिरोह के सदस्य हैं। इनके पास से लगभग 32 लाख रुपये के जेवरात, नकदी और वाहन बरामद हुए हैं। गिरोह के अन्य सदस्यों और इनके नेटवर्क की जांच की जा रही है, जल्द ही और खुलासे होने की संभावना है।”
बांदा पुलिस की इस कार्रवाई से न सिर्फ जिले में सक्रिय अपराधियों में हड़कंप मचा है, बल्कि अन्य राज्यों में सक्रिय ऐसे गिरोहों पर भी दबाव बना है। पुलिस का दावा है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।
Hind News 24×7 | हिन्द न्यूज़ Latest News & Information Portal