Thursday , March 19 2026

Police Encounter – बुलंदशहर मुठभेड़: 10 हजार का इनामी बदमाश कासिम गोली लगने से घायल

ब्रेकिंग बुलंदशहर | उत्तर प्रदेश

बुलंदशहर जनपद से इस वक्त बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां पुलिस और 10 हजार रुपये के इनामी बदमाश के बीच देर रात मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में इनामी बदमाश कासिम के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश को मौके से गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसका उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार, घायल बदमाश की पहचान कासिम पुत्र हमीद, निवासी जहांगीरपुर के रूप में हुई है। कासिम थाना खुर्जा नगर कोतवाली क्षेत्र में दर्ज रंगदारी के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर ₹10,000 का इनाम घोषित कर रखा था।

पुलिस को मुखबिर खास से सूचना मिली थी कि वांछित बदमाश इलाके में किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है। इसी सूचना के आधार पर खुर्जा नगर पुलिस द्वारा चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। जब पुलिस टीम ने आशिकपुर नगरिया के बंबे के पास संदिग्ध व्यक्ति को रोकने का प्रयास किया, तो बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें बदमाश कासिम के पैर में गोली लग गई। गोली लगते ही बदमाश मौके पर गिर पड़ा, जिसके बाद पुलिस टीम ने उसे काबू में ले लिया। मौके से एक अवैध तमंचा और कारतूस भी बरामद किए गए हैं।

बताया जा रहा है कि बदमाश कासिम ने कुछ समय पहले किस्वागढ़ी निवासी पवन चौधरी से करीब 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। रंगदारी न देने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई थी, जिसके बाद पीड़ित द्वारा थाना खुर्जा नगर में मामला दर्ज कराया गया था।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, कासिम का आपराधिक इतिहास काफी लंबा-चौड़ा रहा है। उस पर रंगदारी, अवैध हथियार और अन्य गंभीर धाराओं में पहले से कई मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं।

घायल बदमाश को तुरंत पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।

शोभित कुमार, क्षेत्राधिकारी (सीओ) खुर्जा
“पुलिस चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर बदमाश को घेरने का प्रयास किया गया था। बदमाश द्वारा फायरिंग किए जाने पर जवाबी कार्रवाई में वह घायल हुआ है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।”

Check Also

Rasoolabad Laloo canal bridge-कानपुर देहात में महिला ने रामगंगा नहर में लगाई छलांग, युवकों की बहादुरी से बची जान

कानपुर देहात। जनपद कानपुर देहात के रसूलाबाद कोतवाली क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया …