
उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के सरूरपुर स्थित भूनि टोल प्लाजा पर रविवार को सेना के जवान कपिल और उसके चचेरे भाई शिवम के साथ मारपीट की गई थी। इसके विरोध में सोमवार को गोटका के ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा। 
भूनी टोल प्लाजा पर सेना के जवान कपिल निवासी गांव गोटका के साथ हुई मारपीट का मामला गर्मा गया है। गोटका के सैकड़ों लोगों ने सोमवार को टोल प्लाजा पर हंगामा, तोड़फोड़ और नारेबाजी कर दी। पुलिस ने आकर स्थिति को संभालने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीण मानने को तैयार नहीं थे। ग्रामीण टोल वसूली एजेंसी को बर्खास्त करने की मांग पर अड़े हुए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि देश की सुरक्षा में तैनात जवान के साथ इस तरह का व्यवहार किया जाना बेहद शर्मनाक है। वहीं दूसरी ओर जिम्मेदार अधिकारियों की ढिलाई मामले को और गंभीर बना रही है। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कई आरोपियों को हिरासत में लिया। इसके बावजूद ग्रामीणों का गुस्सा कम होने के बजाय और बढ़ गया।
सोमवार को सैकड़ों ग्रामीण टोल प्लाजा पर एकत्र हुए और धरने पर बैठ गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने टोल प्लाजा को पूरी तरह फ्री करा दिया और किसी भी वाहन से शुल्क नहीं वसूलने दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने टोल प्लाजा पर जमकर तोड़फोड़ कर दी। कई बैरिकेड्स और खिड़कियां क्षतिग्रस्त हो गईं। टोल कर्मचारियों में हड़कंप मच गया और कई कर्मचारी मौके से भाग गए।
18/08/2025
1 minute read




