Tuesday , April 28 2026

नैनीताल: वीकेंड पर सरोवर नगरी में सैलानियों की उमड़ी भीड़, हुआ ट्रैफिक जाम

मैदानी क्षेत्रों में गर्मी बढ़ने के चलते सैलानियों ने नैनीताल की ओर रुख करना शुरू कर दिया है। शनिवार सुबह से ही सैलानियों के आने का सिलसिला शुरू हो गया था। अब पर्यटकों की आमद बढ़ती ही जाएगी। वाहनों का दबाव बढ़ा तो पुलिस ने शहर के प्रवेश द्वार (रूसी बाईपास, नारायण नगर व पाइंस) में बनाई गई अस्थाई पार्किंग में ही वाहनों को रोका। आज भी शहर में यही हालात हैं। शहर के 80 फीसदी होटल पैक हैं।

एसपी यातायात व क्राइम हरबंश सिंह ने बताया कि अभी हालात सामान्य हैं। हालांकि बड़ी संख्या में सैलानी नैनीताल पहुहंचे हैं, लेकिन पार्किंग स्थल अभी पैक नहीं हुए हैं। यहां पहुंचे सैलानियों से पर्यटन स्थल गुलजार है। साथ ही सैलानी नौकायन का आनंद ले रहे हैं।

नैनीताल में छोटी बड़ी पार्किंग फुल होने के बाद सैलानियों के वाहनों को रूसी बाईपास, नारायण नगर और पाइंस में बनाई गई अस्थाई पार्किंग में रोका जाएगा। यहां से सैलानी शटल सेवा के माध्यम से नैनीताल भेजे जाएंगे।

होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष दिग्विजय सिंह बिष्ट ने बताया कि मानसून पहुंचने तक सैलानियों की आमद बनी रहेगी। अभी शहर में करीब 80 फीसदी होटल पैक हैं। पर्यटक पहले ही ऑनलाइन बुकिंग करा रहे हैं।

उन्होंने पर्यटन से जुडे़ कारोबारियों से अपील की है कि नैनीताल भ्रमण पर आने वाले सैलानियों की अपने नैतिक कर्तव्य के तहत उनकी मदद करें। ताकि उन्हें किसी प्रकार की दिक्कत का सामना न करना पड़े।

वहीं, सैलानियों ने नैनीताल के साथ ही भवाली, भीमताल, रामगढ़, मुक्तेश्वर का रुख भी किया। मल्लीताल स्थित पंत पार्क, भोटिया तिब्बती बाजार, चाट पार्क समेत माल रोड में सैलानियों की चहल पहल बनी हुई है।

Check Also

Raja Shivaji Cut : रिलीज से पहले Raja Shivaji पर चली कैंची, हटे बड़े सीन!

बॉलीवुड अभिनेता रितेश देशमुख का बहुप्रतीक्षित ड्रीम प्रोजेक्ट ‘राजा शिवाजी’ रिलीज से पहले ही सुर्खियों …