
अलीगढ़ से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां घरेलू विवाद इस कदर बढ़ गया कि पत्नी ने अपने ही पति को चारपाई से बांध दिया। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामला अलीगढ़ के टप्पल थाना क्षेत्र के हामिदपुर गांव का बताया जा रहा है।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक युवक को चारपाई से बांधकर रखा गया है, जबकि उसकी पत्नी उसके सामने हंगामा करती हुई नजर आ रही है। वीडियो में पत्नी अपने पति पर अत्यधिक शराब पीने का आरोप लगाते हुए नाराजगी जाहिर कर रही है। वहीं आसपास मौजूद ग्रामीणों और युवक की मां ने हस्तक्षेप कर युवक को चारपाई से खुलवाया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद युवक की मां ने अपनी बहु के खिलाफ पुलिस से शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता मां का आरोप है कि उसकी बहु आए दिन घर में विवाद करती है और उसके बेटे को जान से मारने की धमकी भी देती रहती है।
युवक की मां ने गंभीर आरोप लगाते हुए यह भी कहा है कि बहु के पास अवैध तमंचा है, जिससे वह परिवार के सदस्यों को डराती-धमकाती है। मां का कहना है कि बेटे की जान को खतरा बना हुआ है, इसी वजह से उन्होंने पुलिस से शिकायत की है।
वहीं इस पूरे मामले का वीडियो सामने आने के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और वीडियो के आधार पर तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।
“मेरी बहु आए दिन झगड़ा करती है, मेरे बेटे को मारने की धमकी देती है। आज उसने मेरे बेटे को चारपाई से बांध दिया। उसके पास तमंचा भी है, हमें डर लगता है। मैंने पुलिस से शिकायत की है, कार्रवाई होनी चाहिए।”
फिलहाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की बात कही जा रही है।
घरेलू विवाद का यह मामला अब सोशल मीडिया के जरिए सुर्खियों में है। पुलिस की जांच के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि आरोपों में कितनी सच्चाई है।




