उन्नाव में दहेज विवाद के चलते बहू की सास-ससुर और पति ने की बेरहमी से हत्या, हथौड़ा बरामद

उन्नाव के गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र में बुधवार सुबह करीब 10 बजे लालताखेड़ा गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। घर के भीतर चल रहे घरेलू विवाद ने अचानक खूनी रूप ले लिया, जब एक महिला की अपने सास-ससुर और पति द्वारा बेरहमी से हत्या कर दी गई।

मृतका की पहचान सीमा लोध, पत्नी राजेश लोध के रूप में हुई है। सीमा का विवाह वर्ष 2018 में हुआ था और उसके दो छोटे बच्चे हैं। जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ समय से परिवार में तनावपूर्ण माहौल था और अक्सर सीमा और उसके सास-ससुर के बीच झगड़े होते रहते थे। बुधवार को यह झगड़ा इतना बढ़ गया कि यह हिंसा में बदल गया।

मृतका की बहन ने आरोप लगाया कि सीमा की सास कमलेश और ससुर जगरानी ने उसे हथौड़े से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। घटना के तुरंत बाद मृतका का पति राजेश पुलिस को सूचना देने में सफल रहा।

पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहां से खून से सना हथौड़ा भी बरामद हुआ, जिसे हत्या में प्रयुक्त हथियार माना जा रहा है।

सीओ सिटी उन्नाव, IPS दीपक यादव ने बताया, “प्रारंभिक जांच में यह मामला घरेलू विवाद और दहेज उत्पीड़न के चलते हुई हत्या का प्रतीत होता है। मृतका के परिजनों ने दहेज के लिए हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी साक्ष्य संकलित कर लिए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मुकदमा पंजीकृत कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।”

स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतका सीमा का अपने सास-ससुर से अक्सर विवाद होता रहता था और झगड़े की स्थिति इतनी गंभीर हो गई थी कि यह खूनी संघर्ष में बदल गया।

पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तलाशी अभियान जारी है।

Check Also

Married Life Tips : हंस-बतख जोड़ी की तस्वीर से बढ़ता प्रेम और वैवाहिक सुख माना जाता

Married Life Vastu Tips: वास्तु शास्त्र और फेंगशुई में हंस तथा मैंडरिन बतख की जोड़ी …