
सिनेमाघरों में इस समय कई फिल्मों के बीच बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त मुकाबला देखने को मिल रहा है। नानी स्टारर फिल्म ‘द पैराडाइज’ रिलीज के बाद से ही शानदार प्रदर्शन कर रही है। श्रीकांत ओडेला के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने न सिर्फ ओपनिंग वीकेंड में मजबूत कमाई की, बल्कि चार दिनों के भीतर कई बड़ी फिल्मों के कलेक्शन को भी पीछे छोड़ दिया है। दूसरी ओर सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की फिल्म ‘द वन’ ने भी धीमी शुरुआत के बाद वीकेंड पर अपनी रफ्तार बढ़ाई है।
‘द पैराडाइज’ की दमदार शुरुआत
नानी की ‘द पैराडाइज’ गुरुवार को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। हालांकि, फिल्म के पेड प्रीमियर बुधवार शाम से ही शुरू हो गए थे। प्रीमियर के दौरान फिल्म ने करीब 11.60 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। इसके बाद रिलीज वाले दिन फिल्म ने 34.65 करोड़ रुपये की कमाई के साथ शानदार शुरुआत की।
दूसरे दिन फिल्म की कमाई 14.90 करोड़ रुपये रही, जबकि तीसरे दिन यानी शनिवार को इसने 15.25 करोड़ रुपये जुटाए। रविवार को फिल्म ने करीब 15.70 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। इस तरह चार दिनों में फिल्म का भारत में नेट कलेक्शन करीब 92.10 करोड़ रुपये पहुंच गया है। वहीं भारत में फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन लगभग 109 करोड़ रुपये बताया जा रहा है।
विदेशी बाजार में भी नानी की फिल्म को अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 138 करोड़ रुपये से ज्यादा हो चुका है। हालांकि फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों से मिला-जुला रिस्पॉन्स मिला है, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर इसका प्रदर्शन लगातार चर्चा में बना हुआ है।
इन फिल्मों के रिकॉर्ड को छोड़ा पीछे
‘द पैराडाइज’ ने चार दिनों की कमाई के बाद कई तेलुगु और हिंदी फिल्मों के कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है। तेलुगु फिल्मों की सूची में ‘मना शंकर वरा प्रसाद गारू’, ‘उस्ताद भगत सिंह’, ‘इरुमुडी’, ‘अनगनगा ओका राजू’, ‘लेनिन’, ‘मां इंटि बंगारम’ और ‘डकैत’ जैसी फिल्में शामिल हैं।
हिंदी फिल्मों की बात करें तो ‘द पैराडाइज’ ने इसी अवधि में ‘आवारापन 2’, ‘धमाल 4’, ‘वेलकम टू द जंगल’, ‘भूत बंगला’, ‘कॉकटेल 2’ और ‘ओ रोमियो’ के चार दिन के कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है। इनमें ‘आवारापन 2’ का कलेक्शन करीब 84.31 करोड़ रुपये बताया गया था, जबकि ‘धमाल 4’ ने 67.21 करोड़ रुपये और ‘वेलकम टू द जंगल’ ने 65.83 करोड़ रुपये कमाए थे।
‘द वन’ ने भी वीकेंड पर पकड़ी रफ्तार
अब बात सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की फिल्म ‘द वन’ की करें तो 25 सितंबर को रिलीज हुई इस माइथोलॉजिकल हॉरर ड्रामा ने शुरुआती धीमी शुरुआत के बाद वीकेंड पर अच्छी पकड़ बनाई। फिल्म ने पहले दिन करीब 8 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था।
दूसरे दिन इसकी कमाई बढ़कर 11.25 करोड़ रुपये हो गई, जबकि तीसरे दिन यानी रविवार को फिल्म ने करीब 14 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इस तरह तीन दिनों में ‘द वन’ का कुल कलेक्शन करीब 33.35 करोड़ रुपये पहुंच गया है।
फिल्म की कहानी बिहार के एक रहस्यमयी वन देवी मंदिर से जुड़ी बताई गई है। फिल्म में रहस्य, पौराणिक मान्यताओं और हॉरर का मिश्रण देखने को मिलता है। निर्देशक के मुताबिक, कहानी उस मंदिर से प्रेरित है जहां सूर्यास्त के बाद लोगों के जाने पर पाबंदी होने की मान्यता है।

फिलहाल बॉक्स ऑफिस पर ‘द पैराडाइज’ और ‘द वन’ के बीच सीधा मुकाबला देखने को मिल रहा है। आने वाले दिनों में दोनों फिल्मों की कमाई किस रफ्तार से आगे बढ़ती है, इस पर दर्शकों और फिल्म इंडस्ट्री की नजर बनी हुई है।




