टॉप न्यूज़मनोरंजन

Wedding Sequel : सूर्या ज्योतिका ने शादी की 20वीं सालगिरह पर स्कॉटलैंड के किले में फिर लिए प्यार के वचन

20 साल बाद फिर दूल्हा-दुल्हन बने सूर्या-ज्योतिका, स्कॉटलैंड के किले में मनाई शादी की सालगिरह

साउथ फिल्म इंडस्ट्री के चर्चित कपल सूर्या और ज्योतिका ने अपनी शादी के 20 साल पूरे होने का जश्न बेहद खास अंदाज में मनाया। दोनों ने अपनी 20वीं वेडिंग एनिवर्सरी के मौके पर स्कॉटलैंड के एक खूबसूरत किले में दोबारा शादी की रस्में निभाईं। इस दौरान कपल ने एक-दूसरे के साथ प्यार और साथ निभाने के वादे दोहराए। इस खास समारोह में उनके बच्चे दिया और देव के अलावा परिवार के सदस्य, करीबी दोस्त और सूर्या के भाई कार्थी भी मौजूद रहे।

किले में फिर सजे दूल्हा-दुल्हन

ज्योतिका ने सोशल मीडिया पर इस खास सेलिब्रेशन की कई तस्वीरें और वीडियो शेयर किए हैं। इनमें दोनों की दोबारा हुई वेडिंग सेरेमनी की खूबसूरत झलक देखने को मिली। एक वीडियो में ज्योतिका सफेद रंग की खूबसूरत ड्रेस में सूर्या की ओर बढ़ती हुई नजर आती हैं। अपनी पत्नी को इस अंदाज में सामने देखकर सूर्या भावुक हो जाते हैं और उनकी आंखों में आंसू दिखाई देते हैं।

इसके बाद सामने आई तस्वीरों में दोनों एक-दूसरे की आंखों में देखते, मुस्कुराते और प्यार जताते नजर आए। 20 साल की शादी के बाद भी दोनों के बीच वही अपनापन और बॉन्डिंग दिखाई दी, जिसने इस समारोह को और खास बना दिया।

परिवार और दोस्तों के साथ जमकर हुआ जश्न

सूर्या और ज्योतिका ने इस मौके को सिर्फ शादी की रस्मों तक सीमित नहीं रखा। दोनों ने अपने परिवार और दोस्तों के साथ जमकर समय बिताया। सेलिब्रेशन की तस्वीरों में कपल कभी एक-दूसरे को किस करते दिखाई दिया तो कभी दोस्तों और परिवार के सदस्यों के बीच हंसी-मजाक करते नजर आए।

समारोह के बाद दोनों ने यॉट पर भी खास सेलिब्रेशन किया। समुद्र के बीच खूबसूरत माहौल में परिवार और दोस्तों के साथ बिताए पलों की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर सामने आईं। ब्राइड्समेड्स और ग्रूम्समैन के साथ कपल की मस्ती ने समारोह में चार चांद लगा दिए।

तीन महीने में तैयार हुआ पूरा आयोजन

ज्योतिका ने बताया कि इस खास कार्यक्रम की योजना न्यूयॉर्क की इवेंट कंपनी तारतन वेडिंग ने तैयार की थी। उन्होंने आयोजन से जुड़ी टीम का शुक्रिया भी अदा किया। ज्योतिका के मुताबिक, पूरे समारोह की तैयारी करीब तीन महीने में की गई और टीम ने इस दिन को यादगार बनाने के लिए काफी मेहनत की।

समारोह में सूर्या के भाई कार्थी भी नजर आए। परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी ने इस आयोजन को सिर्फ एक कपल का सेलिब्रेशन नहीं रहने दिया, बल्कि इसे पूरे परिवार के लिए यादगार बना दिया।

ज्योतिका ने सूर्या के लिए लिखे खास वचन

अपनी 20वीं शादी की सालगिरह पर ज्योतिका ने सूर्या के लिए बेहद भावुक बातें भी लिखीं। उन्होंने कहा कि वह ऐसी मां बनने का वादा करती हैं, जिसकी मुस्कान देखकर उनके बच्चे अपने माता-पिता की प्रेम कहानी को महसूस कर सकें। ज्योतिका के लिए परिवार की खुशी और बच्चों के सामने प्यार का माहौल बनाए रखना बेहद महत्वपूर्ण है।

उन्होंने यह भी कहा कि वह एक आदर्श पत्नी बनने की कोशिश नहीं करेंगी। वह अपनी खूबियों और कमियों के साथ खुद जैसी हैं, वैसी ही रहेंगी। उन्होंने पति-पत्नी के बीच होने वाली छोटी-छोटी नोकझोंक और फिर सुलह को भी रिश्ते का अहम हिस्सा बताया। उनके मुताबिक, हर बहस के बाद होने वाली बातचीत और समझ दोनों को एक-दूसरे के और करीब लाती है।

पति से ज्यादा दोस्ती को दी अहमियत

ज्योतिका ने अपने रिश्ते में दोस्ती की भूमिका पर भी खास जोर दिया। उन्होंने सूर्या को सिर्फ अपना पति या बच्चों का पिता नहीं, बल्कि अपना बराबर का साथी और सबसे भरोसेमंद दोस्त बताया। उन्होंने कहा कि शादी में दोस्ती को बनाए रखना उनके लिए बेहद जरूरी है। दोनों का रिश्ता पति-पत्नी होने के साथ-साथ एक-दूसरे के अच्छे दोस्त बने रहने पर भी टिका है।

ऐसे शुरू हुई थी सूर्या-ज्योतिका की प्रेम कहानी

सूर्या और ज्योतिका की प्रेम कहानी की शुरुआत 1999 में हुई थी। दोनों की मुलाकात फिल्म ‘पूवेल्लम केट्टुप्पार’ के सेट पर हुई थी। साथ काम करने के दौरान दोनों की दोस्ती बढ़ी और धीरे-धीरे यह रिश्ता प्यार में बदल गया। इसके बाद दोनों ने शादी करने का फैसला किया।

11 सितंबर 2006 को दोनों ने चेन्नई में शादी की थी। उनकी शादी उस समय भी काफी चर्चा में रही थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सूर्या के पिता और अभिनेता शिवकुमार शुरुआत में इस रिश्ते के पक्ष में नहीं थे, लेकिन सूर्या अपने फैसले पर कायम रहे। बाद में परिवार की सहमति से दोनों की शादी हुई।

अब शादी के 20 साल पूरे होने पर स्कॉटलैंड के किले में हुआ यह वाउ रिन्यूवल समारोह उनके रिश्ते की एक नई खूबसूरत याद बन गया है। किले में दोबारा लिए गए वचन, परिवार के साथ जश्न और यॉट पर बिताए पलों ने इस खास मौके को यादगार बना दिया।

Related Articles

Back to top button