
SLUG : श्रावस्ती सड़क हादसा / NH-730 बस एक्सीडेंट
रिपोर्ट – मोहित गुप्ता
श्रावस्ती, उत्तर प्रदेश
ब्रेकिंग न्यूज़ के साथ शुरुआत करते हैं…
उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती ज़िले से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां NH-730 पर एक भीषण सड़क हादसे ने इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। नवीन मॉडर्न थाना क्षेत्र के अंतर्गत कटरा बाईपास के पास दो प्राइवेट बसों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
बताया जा रहा है कि दोनों बसों में नेपाली यात्री सवार थे, जो किसी निजी कार्य से यात्रा कर रहे थे। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद दोनों बसों के परखच्चे उड़ गए। बसों के आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, वहीं कई यात्री सीटों में फंस गए।
इस दर्दनाक सड़क हादसे में 10 से अधिक यात्री घायल हो गए हैं, जबकि 3 यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े।
सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी घायलों को बसों से बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इकौना में भर्ती कराया गया, जहां घायलों का इलाज जारी है। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किए जाने की तैयारी भी की जा रही है।
प्राथमिक जांच में इस भीषण हादसे की मुख्य वजह तेज रफ्तार बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि टक्कर इतनी तेज थी कि बसें काफी दूर तक घिसटती चली गईं। फिलहाल पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बसों को सड़क से हटवाकर यातायात को सामान्य कराया है।
हादसे के बाद कुछ समय के लिए NH-730 पर लंबा जाम लग गया, जिससे राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस मौके पर मौजूद रहकर यातायात व्यवस्था को सुचारू कराने में जुटी रही।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और बस चालकों से पूछताछ की जा रही है। प्रशासन की ओर से घायलों को हर संभव मदद देने का आश्वासन दिया गया है।
वहीं बस में सवार यात्रियों ने हादसे को लेकर क्या कुछ बताया, सुनते हैं उन्हीं की जुबानी…
BYTE – बस सवार यात्री
“बस बहुत तेज़ रफ्तार में थी, सामने से अचानक दूसरी बस आ गई। कुछ समझ पाते उससे पहले ही जोरदार टक्कर हो गई। लोग इधर-उधर गिर पड़े, कई लोग घायल हो गए। अगर समय पर मदद न मिलती तो हालात और खराब हो सकते थे।”




