उत्तर प्रदेश के बदायूं जनपद से एक दुखद मामला सामने आया है, जहां मारपीट में घायल एक वृद्ध की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 26 अप्रैल की रात मृतक और आरोपी मोहित के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। यह विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच मारपीट हो गई, जिसमें वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद घायल को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज बदायूं रेफर किया गया।
बदायूं में भी स्थिति में सुधार न होने पर डॉक्टरों ने उसे सैफई मेडिकल कॉलेज भेज दिया। यहां इलाज के दौरान 2 मई को वृद्ध ने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
पोस्टमार्टम की प्रक्रिया सैफई में पूरी कर शव को परिजनों को सौंप दिया गया। शव घर पहुंचते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार के लोगों ने थाने में आरोपी मोहित के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने मामले में तहरीर लेकर रिपोर्ट दर्ज करने और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। वहीं, ग्रामीणों के अनुसार, घटना से पहले दोनों पक्षों ने साथ बैठकर शराब पी थी और नशे की हालत में ही विवाद बढ़कर मारपीट में बदल गया। हालांकि यह भी बताया जा रहा है कि आरोपी ने घायल को अस्पताल पहुंचाने में मदद की थी।
फिलहाल आरोपी मोहित फरार बताया जा रहा है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। उधर, परिजन शव के अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे हैं।
Hind News 24×7 | हिन्द न्यूज़ Latest News & Information Portal