
रायबरेली पहुंचे प्रभारी मंत्री राकेश सचान, योजनाओं की प्रगति पर दिया जोर
प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं जनपद रायबरेली के प्रभारी मंत्री राकेश सचान एक दिवसीय दौरे पर रायबरेली पहुंचे। उनके आगमन पर जिलाधिकारी हर्षिता माथुर और पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। दौरे के दौरान प्रभारी मंत्री ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लिया और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।
रायबरेली दौरे के दौरान प्रभारी मंत्री राकेश सचान ने मुख्यमंत्री विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत प्रशिक्षण पूर्ण कर चुके 10 लाभार्थियों को सिलाई मशीनें वितरित कीं। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य हुनरमंद कारीगरों और श्रमिकों को आत्मनिर्भर बनाना है, ताकि वे अपने कौशल के बल पर स्वावलंबी बन सकें और सम्मानजनक आजीविका अर्जित कर सकें।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के हर वर्ग को सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है और कौशल आधारित योजनाएं युवाओं व श्रमिकों के लिए नई संभावनाएं खोल रही हैं।
इसके बाद जिला पंचायत सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान राकेश सचान ने विकसित भारत जी राम जी (VB-G RAM G) योजना को लेकर सरकार की मंशा स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि यह योजना वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
प्रभारी मंत्री ने बताया कि इस योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में 125 दिन के रोजगार की गारंटी दी जाएगी। साथ ही योजना में बायोमेट्रिक उपस्थिति, सार्वजनिक सूचना प्रकटीकरण और आईटी आधारित निगरानी व्यवस्था लागू की जाएगी, जिससे पारदर्शिता सुनिश्चित होगी और योजना का लाभ सही पात्रों तक पहुंचेगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रभारी मंत्री ने कहा कि जनपद रायबरेली में विकास कार्यों को गति देना सरकार की प्राथमिकता है।




