
लखीमपुर खीरी से बड़ी खबर सामने आई है। मझगई थाना पुलिस ने अवैध शराब माफियाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए छापेमारी की है।

इस अभियान के दौरान पुलिस ने हजारों लीटर लहन नष्ट कर दिया और शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों को भी मौके पर ही तोड़ दिया।
मामला मझगई थाना क्षेत्र के चौखड़ा फॉर्म का है, जहां गन्ने के खेतों में अवैध शराब के निर्माण की सूचना पुलिस को मुखबिर के माध्यम से मिली थी। सूचना मिलते ही मझगई पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर खेतों में छापेमारी की। पुलिस को यहां बड़ी मात्रा में लहन, ड्रम, और शराब बनाने के बर्तन मिले।
पुलिस ने सभी अवैध सामग्री को मौके पर ही नष्ट करते हुए माफियाओं की धरपकड़ के लिए दबिशें तेज कर दी हैं। बताया जा रहा है कि इस इलाके में लंबे समय से अवैध शराब का धंधा फल-फूल रहा था।
मझगई थाना पुलिस द्वारा लगातार चलाए जा रहे ऐसे अभियानों से अवैध शराब माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस का कहना है कि किसी भी कीमत पर क्षेत्र में अवैध शराब का कारोबार नहीं चलने दिया जाएगा।
वहीं, इस पूरी कार्रवाई के बाद आबकारी विभाग की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि आबकारी विभाग की लापरवाही या मिलीभगत के चलते अवैध शराब माफिया लगातार सक्रिय हैं।
लोगों का यह भी कहना है कि यदि आबकारी विभाग समय रहते कार्रवाई करता, तो इस गोरखधंधे पर पहले ही अंकुश लगाया जा सकता था। यहां तक कि यह भी चर्चा है कि कुछ अधिकारी शराब माफियाओं से मोटी रकम लेकर उन्हें संरक्षण दे रहे हैं।मझगई थाना प्रभारी ने स्पष्ट कहा है कि “अवैध शराब के धंधे में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस लगातार निगरानी में है और आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।
मझगई पुलिस की यह कार्रवाई न केवल शराब माफियाओं के लिए बड़ा झटका है, बल्कि यह स्थानीय प्रशासन और आबकारी विभाग के लिए भी चेतावनी है कि अगर समय पर समन्वय नहीं हुआ तो यह गोरखधंधा फिर सिर उठा सकता है।




