
लखीमपुर खीरी जनपद में वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर 70वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल द्वारा भव्य स्मरणोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर देशभक्ति पदयात्रा, जन-जागरूकता रैली और सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से राष्ट्रगीत के ऐतिहासिक महत्व को जन-जन तक पहुँचाने का प्रयास किया गया।
वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में 70वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल लखीमपुर खीरी की ‘सी’ समवाय, भरतपुर द्वारा प्राथमिक विद्यालय भरतपुर परिसर में भव्य स्मरणोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रीय महत्व को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँचाना तथा विशेष रूप से विद्यार्थियों और युवाओं में राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करना रहा।
कार्यक्रम 70वीं वाहिनी के कमांडेंट श्री राजन कुमार श्रीवास्तव के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। आयोजन के अंतर्गत देशभक्ति पदयात्रा एवं जन-जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें प्राथमिक विद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ-साथ शिक्षक, ग्रामवासी, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा SSB के अधिकारी एवं जवानों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
रैली के दौरान “वंदे मातरम्”, “भारत माता की जय” और “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” जैसे गगनभेदी नारों से पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। रैली के माध्यम से प्रतिभागियों को राष्ट्रीय मूल्यों, संविधान के प्रति निष्ठा, सामाजिक सौहार्द, आपसी भाईचारे एवं राष्ट्रीय एकता और अखंडता बनाए रखने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान SSB अधिकारियों ने विद्यार्थियों को अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा, राष्ट्रसेवा और देश के प्रति समर्पण के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् केवल एक गीत नहीं बल्कि देश की आत्मा, स्वतंत्रता संग्राम की प्रेरणा और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है।
कार्यक्रम का समापन सामूहिक राष्ट्रगान के साथ किया गया, जिसमें उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का पालन करने का संकल्प लिया। SSB द्वारा आयोजित यह स्मरणोत्सव कार्यक्रम बल और समाज के बीच आपसी समन्वय, विश्वास और जन-जागरूकता को मजबूत करने की दिशा में एक सराहनीय एवं प्रेरणादायक पहल साबित हुआ।




