
कुशीनगर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां 21 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया है, वहीं परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
मामला पडरौना नगर के छुछीया गेट के पास का है, जहां गुरुवार सुबह एक युवक का शव मिलने की सूचना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने जब सड़क किनारे युवक का शव देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची कोतवाली पडरौना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मृतक की पहचान सोनू खरवार पुत्र कैलाश खरवार, उम्र लगभग 21 वर्ष के रूप में हुई है, जो कोतवाली पडरौना क्षेत्र के कसेरा टोली का निवासी बताया जा रहा है।
परिजनों का आरोप है कि सोनू की हत्या की गई है। उनका कहना है कि युवक के शरीर पर चोट के निशान हैं और उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई किए जाने की बात कही है। फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है और मामले की हर एंगल से पड़ताल की जा रही है।




