Uncategorizedउत्तर प्रदेशटॉप न्यूज़दुनियादेशराज्य

Kushinagar breaking news – कुशीनगर में सांप काटने से 13 वर्षीय बच्चे की मौत, सीएचसी पर परिजनों का हंगामा

स्थान: कुशीनगर | रिपोर्ट:

कुशीनगर जनपद में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां सांप काटने से 13 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया।

मिली जानकारी के अनुसार, थाना अहिरौली क्षेत्र के कोटवा गांव निवासी शिवेंद्र सिंह (13) पुत्र विजेंद्र सिंह को खेलते समय विषैले सांप ने काट लिया। परिजन उसे तुरंत इलाज के लिए थाना कोतवाली हाटा क्षेत्र स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) देवतहा लेकर पहुंचे।

परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में इलाज में भारी लापरवाही बरती गई। उनका कहना है कि पर्ची कटवाने और भर्ती करने में एक घंटे से ज्यादा समय लगा, जिससे बच्चे की हालत बिगड़ती चली गई और आखिरकार उसकी मौत हो गई।

इतना ही नहीं, परिजनों ने ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि डॉक्टर ने शराब के नशे में इलाज किया और समय पर दवा नहीं दी।

घटना से नाराज परिजनों ने बच्चे के शव को सीएचसी परिसर में रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। थाना अहिरौली और हाटा से भारी पुलिस बल सीएचसी देवतहा पर तैनात कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया और मामले की जांच का आश्वासन दिया।

फिलहाल अस्पताल परिसर में तनाव का माहौल बना हुआ है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Related Articles

Back to top button