
कुशीनगर जनपद के जिला मुख्यालय स्थित जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मोत्सव अवसर पर एक भव्य प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। यह प्रदर्शनी पूरी तरह प्रधानमंत्री मोदी के जीवन संघर्ष, प्रेरक प्रसंगों और उनके नेतृत्व में केंद्र सरकार की उपलब्धियों पर केंद्रित रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक विधि-विधान के साथ फीता काटकर और दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस दौरान जिले का माहौल उत्साह और उमंग से भर उठा।
भाजपा के दिग्गज नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद
उद्घाटन समारोह में भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष दुर्गेश राय और फाजिलनगर विधायक सुरेंद्र कुशवाहा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उनके साथ जिलेभर से आए पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ ने कार्यक्रम को और भव्य बना दिया।
जनता को मिला प्रधानमंत्री के जीवन से सीखने का अवसर
प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य आमजन को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन से जुड़े संघर्ष, उपलब्धियों और प्रेरक प्रसंगों की जानकारी उपलब्ध कराना था। इसके साथ ही केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की भी झलक प्रदर्शनी में प्रस्तुत की गई।
लोगों को स्वच्छ भारत मिशन, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना जैसी प्रमुख योजनाओं से जोड़ने और उनके लाभों की जानकारी देने के लिए विशेष स्टॉल भी लगाए गए थे।
कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह और गर्व
भाजपा कार्यकर्ताओं ने इस कार्यक्रम को प्रधानमंत्री मोदी के प्रति आभार और सम्मान का प्रतीक बताया। उनका कहना था कि प्रदर्शनी से युवा पीढ़ी को प्रधानमंत्री के जीवन से प्रेरणा लेने और राष्ट्र निर्माण में योगदान करने की प्रेरणा मिलेगी।
जनसामान्य के लिए खुली प्रदर्शनी
आयोजकों ने बताया कि यह प्रदर्शनी आने वाले कुछ दिनों तक आमजन के लिए खुली रहेगी ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग प्रधानमंत्री मोदी के जीवन, उनकी विचारधारा और योजनाओं से रूबरू हो सकें।




