
कानपुर नगर के घाटमपुर क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पोस्ट ऑफिस रोड स्थित एक किराना एजेंसी में गुरुवार भोर पहर भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। इस दर्दनाक घटना में दुकानदार की दम घुटने से मौत हो गई, जबकि संयुक्त परिवार के करीब 6 लोग झुलस गए। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया और करोड़ों का सामान जलकर राख हो गया।
जानकारी के अनुसार, पोस्ट ऑफिस रोड निवासी हरिओम ओमर के मकान के निचले हिस्से में परचून की एजेंसी, कपड़े की दुकान, दालमोट की एजेंसी और ‘मामा किराना स्टोर’ संचालित था। परिवार के सभी सदस्य ऊपर की मंजिल पर सो रहे थे, तभी अचानक नीचे से धुआं उठने लगा। जैसे ही आग की भनक लगी, परिवार में अफरा-तफरी मच गई और शोर मचाकर आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी गई।
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की 3 बड़ी और 2 छोटी गाड़ियों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। आग इतनी भीषण थी कि उसे काबू में करने में करीब 6 घंटे का समय लग गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और एक बड़ी अनहोनी को टाल दिया।
इस दौरान फायर ब्रिगेड की टीम ने सूझबूझ दिखाते हुए परिवार के सदस्यों को बगल के मकान की छत के रास्ते सुरक्षित बाहर निकाला। हालांकि, इस हादसे में दुकानदार की दम घुटने से मौत हो गई, जो पूरे परिवार के लिए बड़ा सदमा बनकर सामने आया है। वहीं, झुलसे हुए 6 लोगों में से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल कानपुर रेफर किया गया है।
आग से हुए नुकसान का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि किराना और अन्य दुकानों में रखा करोड़ों रुपये का सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया। पूरे इलाके में इस घटना के बाद शोक और दहशत का माहौल बना हुआ है।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि पुलिस और फायर विभाग मामले की गहन जांच में जुटे हैं। घटना के बाद पोस्ट ऑफिस रोड पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और हर कोई इस हादसे से स्तब्ध नजर आया।
यह हादसा एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करता है कि रिहायशी इलाकों में संचालित दुकानों और गोदामों में सुरक्षा मानकों का पालन कितना जरूरी है। यदि समय रहते सतर्कता बरती जाए, तो ऐसे बड़े हादसों से बचा जा सकता है।




