Uncategorizedउत्तर प्रदेशटॉप न्यूज़दुनियादेशराज्य

कानपुर देहात में दर्दनाक हादसा: ट्रेन से कटकर बुजुर्ग महिला की मौत

ट्रेन की चपेट में आने से बुजुर्ग महिला की दर्दनाक मौत, इलाके में मचा हड़कंप

लोकेशन : कानपुर देहात (रुरा)
कानपुर देहात जनपद के रुरा थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां अनाधिकृत रेलवे क्रासिंग पार करते समय एक बुजुर्ग महिला ट्रेन की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई।

मृतका की पहचान इंद्रा देवी पत्नी अशोक कुमार, उम्र लगभग 65 वर्ष, निवासी गांधीनगर कस्बा रुरा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि इंद्रा देवी कथा सुनने के लिए जा रही थीं, तभी रेलवे लाइन पार करते समय तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गईं। हादसा इतना भीषण था कि महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, हादसे की खबर मिलते ही मृतका के परिजनों में कोहराम मच गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि उक्त स्थान पर लंबे समय से लोग अनाधिकृत रेलवे क्रासिंग का इस्तेमाल कर रहे हैं, जिससे आए दिन हादसों का खतरा बना रहता है। कई बार इस संबंध में रेलवे प्रशासन से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

फिलहाल पुलिस और जीआरपी द्वारा मामले की जांच की जा रही है। साथ ही रेलवे प्रशासन को भी हादसे की जानकारी दे दी गई है। इस घटना ने एक बार फिर रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान सतर्कता बरतने और अवैध क्रासिंग को बंद करने की जरूरत पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Articles

Back to top button