
कानपुर में बीजेपी जिला मंत्री पर हमला, दबंगों ने की बेरहमी से पिटाई
गाड़ी के शीशे भी तोड़े, पुलिस जांच में जुटी
कानपुर से कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली बड़ी खबर सामने आई है। बिधनू थाना क्षेत्र में बीजेपी के जिला मंत्री प्रणव कुशवाहा के साथ दबंगों ने सरेराह मारपीट की। आरोप है कि पांच बाइक सवार युवकों ने उनकी कार को घेरकर न सिर्फ बेरहमी से पीटा, बल्कि उनकी गाड़ी के शीशे भी तोड़ दिए। घटना के बाद पीड़ित ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
पूरा मामला कानपुर के बिधनू थाना क्षेत्र के नौबस्ता–सागर हाईवे का है। बताया जा रहा है कि बीजेपी जिला मंत्री प्रणव कुशवाहा अपनी कार से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान अचानक पांच बाइक सवार युवकों ने उनकी कार को रोक लिया।
पीड़ित का आरोप है कि उनकी कार के पीछे उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य की फोटो लगी हुई थी। इसी बात को लेकर हमलावर भड़क गए और गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते दबंगों ने प्रणव कुशवाहा के साथ जमकर मारपीट की।
मारपीट के दौरान आरोपियों ने उनकी कार में भी तोड़फोड़ की और शीशे तोड़ दिए। घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। किसी तरह पीड़ित वहां से निकलकर सीधे बिधनू थाने पहुंचे, जहां उन्होंने आरोपियों के खिलाफ लिखित तहरीर दी।
पीड़ित ने पुलिस से मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। फिलहाल घटना को लेकर इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।
बीजेपी जिला मंत्री पर हुए इस हमले ने एक बार फिर शहर की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में कितनी जल्दी और कितनी सख्त कार्रवाई करती है।




