Tuesday , February 17 2026

Chhibramau Assembly-कन्नौज ब्रेकिंग: अज्ञात शिकायतों पर भरे गए फॉर्म-7 से मचा हड़कंप, सपा ने कलेक्ट्रेट में किया जोरदार विरोध

कन्नौज जिले में मतदाता सूची से नाम काटे जाने को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। अज्ञात व्यक्तियों द्वारा करीब एक हजार से अधिक मतदाताओं के नामों पर फॉर्म संख्या-7 भरकर आपत्ति दर्ज कराए जाने से जिले की राजनीति में हड़कंप मच गया है। मामला सामने आते ही समाजवादी पार्टी सक्रिय हो गई और प्रभावित मतदाताओं को साथ लेकर कलेक्ट्रेट पहुंची।

बताया जा रहा है कि छिबरामऊ विधानसभा क्षेत्र की मझपुर्वा ग्राम पंचायत के करीब एक हजार से अधिक मतदाताओं के खिलाफ अज्ञात शिकायतों के आधार पर फॉर्म संख्या-7 जमा किए गए हैं। इन फॉर्मों के जरिए मतदाता सूची से नाम काटे जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई, जिससे ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है।

जानकारी मिलने पर समाजवादी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में प्रभावित मतदाताओं को साथ लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे और जिलाधिकारी के समक्ष सभी मतदाताओं को प्रस्तुत किया। सपा नेताओं ने मांग की कि जिन मतदाताओं के नाम गलत तरीके से काटे जा रहे हैं, उन्हें तत्काल पुनः मतदाता सूची में जोड़ा जाए।

इस दौरान समाजवादी पार्टी के नेताओं ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यह पूरी कार्रवाई एक सोची-समझी साजिश के तहत की जा रही है। सपा नेताओं का आरोप है कि भाजपा से जुड़े लोग षड्यंत्र के तहत समाजवादी पार्टी के समर्थक मतदाताओं के नाम कटवाने का प्रयास कर रहे हैं, ताकि आगामी चुनावों में सपा को नुकसान पहुंचाया जा सके।

सपा नेताओं ने यह भी मांग की कि झूठे और फर्जी तरीके से फॉर्म-7 भरकर नाम कटवाने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि लोकतंत्र की जड़ पर हमला करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाना चाहिए।

कलेक्ट्रेट में काफी देर तक अफरा-तफरी और गहमागहमी का माहौल बना रहा। मतदाता अपने दस्तावेजों के साथ डीएम के सामने पेश हुए और अपना नाम कटने से बचाने की गुहार लगाई। जिलाधिकारी ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच कराने का आश्वासन दिया और कहा कि बिना ठोस आधार के किसी भी मतदाता का नाम नहीं काटा जाएगा।

डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी फॉर्म-7 की जांच की जाए और यदि किसी प्रकार की अनियमितता या साजिश सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल प्रशासन के आश्वासन के बाद सपा कार्यकर्ता और मतदाता शांत हुए, लेकिन पूरे जिले में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।

Check Also

Illegal Teak Tree Felling : वृक्षारोपण अभियान के बीच राजपुर में 40 सागौन पेड़ों की अवैध कटाई से हड़कंप

कानपुर देहात। जहां एक ओर उत्तर प्रदेश सरकार प्रदेशभर में बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण अभियान …