टॉप न्यूज़राज्य

Mother Murder : कलयुगी बेटे ने मां की चाकू मारकर हत्या, फोन कर खुद बताया

वारदात के बाद बहन-बहनोई को किया फोन, पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में लेकर शुरू की जांच

झुंझुनूं: राजस्थान के झुंझुनूं जिले के नवलगढ़ कस्बे से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कृषि उपज मंडी के सामने स्थित एक मकान में एक बेटे ने कथित तौर पर अपनी ही मां की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने खुद अपनी बहन और बहनोई को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी।

मां पर चाकुओं से किए ताबड़तोड़ वार

मृतका की पहचान प्रभावती देवी के रूप में हुई है, जबकि हत्या के आरोप में उनके बेटे राजवीर को हिरासत में लिया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने घर के अंदर ही अपनी मां पर चाकू से कई वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए।

बहन-बहनोई को फोन कर दी हत्या की सूचना

बताया जा रहा है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने अपनी बहन और बहनोई को फोन कर कहा कि उसने मां की हत्या कर दी है। इसके बाद परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और आरोपी को हिरासत में ले लिया।

पिता की जगह PWD में कर रहा था नौकरी

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि राजवीर अपने दिवंगत पिता के स्थान पर लोक निर्माण विभाग (PWD) में अनुकंपा नियुक्ति पर कार्यरत था। पुलिस के मुताबिक वह लंबे समय से नशे का आदी बताया जा रहा है और मानसिक तनाव से भी गुजर रहा था। हालांकि हत्या के पीछे की वास्तविक वजह का खुलासा अभी नहीं हो पाया है।

पत्नी और बच्चे रहते थे अलग

जानकारी के अनुसार, आरोपी की पत्नी और बच्चे काफी समय से उससे अनबन के चलते अपने मायके में रह रहे थे। नवलगढ़ स्थित घर में केवल मां और बेटा ही रहते थे। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि घटना से पहले दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था या नहीं।

एफएसएल और एमओबी टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) और एमओबी (मोबाइल फॉरेंसिक) टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और पूछताछ के बाद ही हत्या की वजह स्पष्ट हो सकेगी।

सिरोही में राहगीर पर चाकू से हमला, लूटपाट

उधर, राजस्थान के सिरोही जिले के पिंडवाड़ा कस्बे में बुधवार रात करीब 10:45 बजे बस स्टैंड और जानपुर चौराहे के बीच दो अज्ञात बदमाशों ने एक राहगीर युवक को रोक लिया। बदमाशों ने उससे लूटपाट की कोशिश की और विरोध करने पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि आरोपी वारदात के बाद मौके से फरार हो गए। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Related Articles

Back to top button