टॉप न्यूज़राज्य

Jhansi Bus Crash : झांसी हाईवे पर खड़े ट्रक से टकराई स्लीपर बस, चालक समेत दो की दर्दनाक मौत

हाईवे पर खड़े ट्रक से टकराई स्लीपर बस, ड्राइवर समेत दो की मौत; 20 यात्री घायल, तीन की हालत गंभीर

झांसी: उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। झांसी-कानपुर हाईवे पर पारीछा पावर प्लांट के सामने प्रयागराज से मध्य प्रदेश के विदिशा जा रही एक स्लीपर बस हाईवे पर खराब खड़े ट्रक से पीछे से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में बस चालक और एक यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 15 से 20 यात्री घायल हो गए। इनमें तीन यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही थाना बड़ागांव पुलिस, एंबुलेंस और राहत दल मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और सभी घायलों को तत्काल झांसी मेडिकल कॉलेज भेजा। दुर्घटना की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बस चालक टक्कर के बाद स्टेयरिंग में बुरी तरह फंस गया था। काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

बस का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाईवे पर एक ट्रक खराब होने के कारण सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही स्लीपर बस ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया। कई यात्री सीटों के बीच फंस गए, जिन्हें बाहर निकालने के लिए पुलिस और स्थानीय लोगों को काफी मेहनत करनी पड़ी।

हादसे के चलते कुछ समय के लिए झांसी-कानपुर हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बस और ट्रक को हटवाकर यातायात सामान्य कराया।

प्रयागराज से अस्थि विसर्जन कर लौट रहे थे यात्री

जानकारी के अनुसार, बस में सवार अधिकांश यात्री मध्य प्रदेश के विदिशा और आसपास के क्षेत्रों के निवासी हैं। सभी प्रयागराज में अपने परिजनों के अंतिम संस्कार के बाद गंगा में अस्थि एवं फूल प्रवाहित कर वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान झांसी पहुंचने से पहले यह दर्दनाक हादसा हो गया।

घटना के बाद यात्रियों और उनके परिजनों में मातम का माहौल है। पुलिस ने घायलों के परिजनों को सूचना दे दी है और मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।

तीन घायलों की हालत गंभीर

सीओ सदर प्रिया सिंह ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस टीम मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। उन्होंने बताया कि तीन यात्रियों की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि अन्य घायलों का उपचार चल रहा है।

हादसे के कारणों की जांच शुरू

पुलिस ने दुर्घटना के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि हाईवे पर खराब ट्रक खड़ा था, जिससे पीछे से आ रही बस टकरा गई। हालांकि, यह भी जांच की जा रही है कि ट्रक सड़क पर सुरक्षित तरीके से खड़ा किया गया था या नहीं और बस चालक की ओर से किसी प्रकार की लापरवाही हुई थी या नहीं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button