Weather Update : यूपी, बिहार और एमपी को गर्मी से राहत, राजस्थान में चलेगी तेज धूलभरी आंधी

नई दिल्ली: देश के कई हिस्सों में मानसून की दस्तक के बावजूद गर्मी का प्रकोप पूरी तरह कम नहीं हुआ है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में लोगों को उमस और भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। इस बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों के लिए मौसम को लेकर ताजा पूर्वानुमान जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार और राजस्थान के कई इलाकों में बारिश, गरज-चमक के साथ बौछारें और तेज हवाएं चलने की संभावना है। इससे तापमान में गिरावट आने और लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में आंधी-बारिश की संभावना

आईएमडी के मुताबिक 20 से 22 जून के बीच हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब के विभिन्न हिस्सों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने की आशंका है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ क्षेत्रों में हवा की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

इसके अलावा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 20 से 25 जून के बीच और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 24 जून को बारिश होने की संभावना जताई गई है।

राजस्थान में 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं

मौसम विभाग ने पश्चिमी राजस्थान के लिए विशेष चेतावनी जारी की है। 20 जून को प्रदेश के कई इलाकों में धूल भरी आंधी चल सकती है। पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है, जो कुछ स्थानों पर बढ़कर 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं।

इसके साथ ही अगले 24 घंटों में कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। वहीं 24 और 25 जून को पश्चिमी राजस्थान में भारी बारिश भी दर्ज की जा सकती है।

मध्य भारत और पूर्वी राज्यों को मिलेगी राहत

आईएमडी के अनुसार 20 से 25 जून के बीच छत्तीसगढ़, पूर्वी और पश्चिमी मध्य प्रदेश तथा विदर्भ क्षेत्र में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जो कुछ जगहों पर 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं।

झारखंड में 21 से 25 जून तक बारिश, बिजली कड़कने और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है। वहीं बिहार में 20 से 23 जून के बीच कई जिलों में हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। इससे लंबे समय से गर्मी और उमस से परेशान लोगों को राहत मिल सकती है।

पहाड़ी राज्यों में भी मौसम रहेगा खराब

जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी मौसम खराब रहने की संभावना है। 20 जून को इन क्षेत्रों में बारिश के साथ ओलावृष्टि हो सकती है। मौसम विभाग ने 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है।

इन राज्यों में जारी रहेगा लू का प्रकोप

एक ओर जहां कई राज्यों में बारिश से राहत मिलने की संभावना है, वहीं दूसरी ओर कुछ इलाकों में भीषण गर्मी और लू का असर जारी रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार 20 से 22 जून तक बिहार के कुछ हिस्सों में हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है।

इसके अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश में 21 से 24 जून के बीच लू चलने की संभावना है। वहीं तेलंगाना, कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, कर्नाटक और विदर्भ में भी लोगों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।

मौसम विभाग की सलाह

मौसम विभाग ने लोगों को आंधी-तूफान और बिजली गिरने के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी है। वहीं लू प्रभावित क्षेत्रों में पर्याप्त पानी पीने, धूप में निकलने से बचने और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां बरतने की अपील की गई है।

Check Also

Historic Half-Century Blitz : वैभव सूर्यवंशी ने 11 गेंदों में ठोका सबसे तेज अर्धशतक, 20 साल पुराना वर्ल्ड रिकॉर्ड टूटा

दांबुला: क्रिकेट में अक्सर बड़े खिलाड़ी बड़े मौकों पर अपनी छाप छोड़ते हैं, लेकिन 15 …