Illegal Land Encroachment-ग्राम पंचायत की जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप, अधिकारियों की मिलीभगत का वीडियो वायरल

बदायूँ।
जनपद बदायूँ की तहसील दातागंज अंतर्गत उसावां थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत अहमद नगर रुखाड़ा में ग्राम समाज की भूमि पर अवैध कब्जे का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव के कुछ दबंग भू-माफियाओं द्वारा ग्राम पंचायत की जमीन पर अवैध निर्माण कार्य कराया जा रहा है, जिसमें संबंधित हल्का लेखपाल की मिलीभगत बताई जा रही है। इस पूरे मामले का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत अहमद नगर रुखाड़ा स्थित गाटा संख्या 155, जो कि पुरानी परती भूमि है और अभिलेखों में ग्राम समाज की संपत्ति के रूप में दर्ज है, उस पर अवैध तरीके से निर्माण कार्य कराया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के ही कुछ दबंग लोगों ने इस जमीन पर कब्जा कर लिया है और प्रशासनिक संरक्षण में निर्माण कराया जा रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने इस अवैध निर्माण की सूचना हल्का लेखपाल को उनके मोबाइल नंबर 9758558480 पर दी, लेकिन सूचना देने के बावजूद न तो निर्माण कार्य रुकवाया गया और न ही कोई कार्रवाई की गई। इससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है और प्रशासन की भूमिका पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

ग्रामीणों का यह भी कहना है कि एक तरफ प्रदेश सरकार द्वारा ग्राम समाज और सरकारी जमीनों से अवैध कब्जे हटाने का अभियान चलाया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर तहसील दातागंज क्षेत्र में आला अधिकारियों और कर्मचारियों की मिलीभगत से कब्जा कराए जाने के आरोप सामने आ रहे हैं। इससे सरकारी अभियान की मंशा पर भी सवाल उठने लगे हैं।

वीडियो वायरल होने के बाद ग्रामीणों ने मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई, तो ग्राम समाज की जमीन पूरी तरह कब्जे में चली जाएगी।

फिलहाल इस पूरे मामले को लेकर प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। लेकिन वीडियो के वायरल होने के बाद यह मामला चर्चा का विषय बन गया है और लोगों की नजरें अब प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

Check Also

Married Life Tips : हंस-बतख जोड़ी की तस्वीर से बढ़ता प्रेम और वैवाहिक सुख माना जाता

Married Life Vastu Tips: वास्तु शास्त्र और फेंगशुई में हंस तथा मैंडरिन बतख की जोड़ी …