
हरदोई से सनसनीखेज खबर। जिले के बलहेरा गांव में घर में अकेली रह रही एक 60 वर्षीय वृद्ध महिला सावित्री की गला दबाकर हत्या कर दी गई। हत्या प्रेस वाले लोहे के तार से की गई। हरदोई एसपी अशोक कुमार मीणा सहित अन्य पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। एसपी ने बताया कि खुलासे के लिए सीओ के नेतृत्व में दो टीमों को लगाया गया है और जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा कर दिया जाएगा।
घटना हरदोई जिले के बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के बलहेरा गांव की है। वृद्ध महिला सावित्री घर में अकेली रहती थीं। उनके परिजन लखनऊ में रहते हैं। मंगलवार को पूरे दिन सावित्री घर से बाहर नहीं निकली, तो पड़ोसियों ने फोन पर उनके परिजनों को जानकारी दी। देर रात जब परिजन गांव पहुंचे और घर में गए, तो चारपाई पर सावित्री का शव पड़ा मिला। शव के गले में प्रेस का तार पाया गया।
घटना की सूचना मिलने पर सीओ हरपालपुर सत्येंद्र सिंह फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है। एसपी अशोक कुमार मीणा ने बताया कि दो विशेष टीमों को घटना के खुलासे के लिए लगाया गया है। शुरुआती जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि हत्या में किसी और की संलिप्तता है या नहीं।
स्थानीय ग्रामीण और पड़ोसी इस घटना से स्तब्ध हैं। पुलिस शव के पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।
-
अशोक कुमार मीणा, एसपी हरदोई: “हमने घटना स्थल का निरीक्षण किया है। खुलासे के लिए दो टीमों को लगाया गया है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।”




