Uncategorizedउत्तर प्रदेशटॉप न्यूज़दुनियादेशराज्य

Hardoi CO Viral Video – हरदोई में सीओ की अभद्रता का वीडियो वायरल, महिलाओं से गाली-गलौज के आरोप, कार्रवाई की मांग तेज

हरदोई जनपद के हरपालपुर थाना क्षेत्र से एक विवादित मामला सामने आया है, जहां क्षेत्राधिकारी (सीओ) हरपालपुर सत्येंद्र सिंह का महिलाओं से कथित गाली-गलौज करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं और मामला राजनीतिक रंग भी ले चुका है।

पूरा मामला हरपालपुर थाना क्षेत्र के खरगपुर गांव का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार गांव में अवैध कब्जों को हटाने के लिए प्रशासन द्वारा बुलडोजर कार्रवाई की जा रही थी। इस दौरान उपजिलाधिकारी सवायजपुर और सीओ हरपालपुर सत्येंद्र सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद थे। कार्रवाई के दौरान कथित तौर पर सीओ सत्येंद्र सिंह स्थानीय महिलाओं और ग्रामीणों से अभद्र भाषा का प्रयोग करते नजर आए।

आरोप है कि मौके पर महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी के बावजूद महिलाओं के साथ गाली-गलौज की गई। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो वायरल होते ही जिले में हड़कंप मच गया और पुलिस विभाग की छवि को गहरा झटका लगा है।

यह मामला ऐसे समय में सामने आया है, जब उत्तर प्रदेश महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह हरदोई जनपद में मौजूद थीं और महिलाओं की समस्याओं को लेकर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर रही थीं। एक ओर सरकार मिशन शक्ति और महिला सुरक्षा को लेकर दावे कर रही है, वहीं दूसरी ओर सीओ पर महिलाओं से अभद्रता के आरोप लगने से इन दावों पर सवाल खड़े हो गए हैं।

मामले ने राजनीतिक तूल भी पकड़ लिया है। कांग्रेस जिला अध्यक्ष विक्रम पांडेय ने वायरल वीडियो को साझा करते हुए पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं और सीओ हरपालपुर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव पूनम पंडित ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर वीडियो साझा कर सीओ को तत्काल निलंबित करने की मांग की है।

फिलहाल इस पूरे मामले की जांच अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) मार्तंड प्रकाश सिंह को सौंपी गई है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि वायरल वीडियो की सत्यता और आरोपों की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। हालांकि, इस वायरल वीडियो ने प्रशासनिक और पुलिस महकमे में खलबली जरूर मचा दी है।

Related Articles

Back to top button