
हरदोई जिले के बिलग्राम से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। बिलग्राम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में उस समय अफरातफरी मच गई जब एक डॉक्टर के आवास में अज्ञात कारणों से अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कमरे से उठती लपटें बाहर तक दिखाई देने लगीं।
आग लगते ही सीएचसी परिसर में मौजूद कर्मचारियों और मरीजों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्काल स्थिति को संभालते हुए क्षेत्र को सुरक्षित किया।
हालात की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग को सूचना दी गई। दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। गनीमत रही कि समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया, जिससे किसी बड़े हादसे को टाल दिया गया।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि प्रशासनिक स्तर पर जांच की जा रही है। आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
बिलग्राम की सीएचसी में लगी इस भीषण आग ने सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जांच के बाद ही साफ हो पाएगा कि आग किन कारणों से लगी और इसमें किस स्तर पर लापरवाही हुई।




