
हमीरपुर जनपद से एक अजीबो-गरीब लेकिन चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां 20 वर्षीय युवक की मोबाइल पर पब्जी गेम खेलने की लत ने उसकी मानसिक हालत बिगाड़ दी। युवक का व्यवहार अचानक असामान्य हो गया, जिसके बाद परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे।
मामला हमीरपुर जनपद के राठ थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार 20 वर्षीय युवक अमृतलाल लगातार मोबाइल पर पब्जी गेम खेल रहा था। अत्यधिक गेम खेलने, नींद की कमी और मानसिक दबाव के चलते उसकी मानसिक स्थिति बिगड़ने लगी और वह अजीब-अजीब हरकतें करने लगा।
युवक की हालत देखकर परिजन घबरा गए और उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राठ में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। चिकित्सकों ने बताया कि मोबाइल गेम का अत्यधिक उपयोग, पर्याप्त नींद न लेना और मानसिक तनाव इस तरह की मानसिक समस्याओं का कारण बन सकता है।
डॉक्टरों ने युवाओं और अभिभावकों से अपील की है कि मोबाइल और ऑनलाइन गेम का सीमित और संतुलित उपयोग करें तथा समय पर नींद और मानसिक स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें।




