फर्रुखाबाद में होने वाली होमगार्ड भर्ती परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष और नकल विहीन बनाने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने संयुक्त रूप से परीक्षा केंद्रों और कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।
जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने पुलिस लाइन स्थित सीसीटीवी कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया, जहां से सभी परीक्षा केंद्रों की निगरानी की जाएगी। निरीक्षण के दौरान कुछ कमियां मिलने पर उन्होंने कार्यदायी संस्था के प्राइवेट वेंडर हिमांशु को कड़ी फटकार लगाई और स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हुआ तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि परीक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
इसके बाद जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने आरपी डिग्री कॉलेज, आरपी इंटर कॉलेज, फिरोज गांधी इंटर कॉलेज कमालगंज, जनता राष्ट्रीय इंटर कॉलेज और रखा इंटर कॉलेज फतेहगढ़ समेत कई परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने बिजली, पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं की जांच की और संतोष जताया कि सभी केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध हैं।
पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने बताया कि परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। खास तौर पर ‘मुन्ना भाई’ गिरोह पर नजर रखने के लिए पुलिस की विशेष टीमें गठित की गई हैं, जो होटल, गेस्ट हाउस, ढाबों और लॉज में लगातार चेकिंग अभियान चलाएंगी। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की धांधली या फर्जीवाड़े को सख्ती से रोका जाएगा।
एसपी ने आगे बताया कि जिले में कुल 19 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। सभी केंद्रों की निगरानी पुलिस लाइन स्थित कंट्रोल रूम से की जाएगी, जिसकी जिम्मेदारी क्षेत्राधिकारी (सीओ) को सौंपी गई है।
यह होमगार्ड भर्ती परीक्षा 25, 26 और 27 अप्रैल को आयोजित की जाएगी, जिसमें करीब 42 हजार अभ्यर्थियों के शामिल होने की उम्मीद है। प्रशासन ने परीक्षा को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
Hind News 24×7 | हिन्द न्यूज़ Latest News & Information Portal