Fog Accident-दिबियापुर में घने कोहरे से भीषण हादसा, ट्रैक्टर-ऑटो की जोरदार भिड़ंत

औरैया जनपद के नगर पंचायत दिबियापुर क्षेत्र में घने कोहरे के कारण सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा होते-होते टल गया। कन्नौज से औरैया की ओर जा रहे एक ट्रैक्टर और औरैया से सब्जी लेकर दिबियापुर की ओर आ रहे एक ऑटो के बीच आमने-सामने से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो वाहन दो हिस्सों में बंट गया, जिसे देखकर मौके पर मौजूद लोग दहशत में आ गए।

घटना दिबियापुर नगर पंचायत क्षेत्र की है, जहां सुबह के समय घना कोहरा छाया हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कोहरे की वजह से सड़क पर दृश्यता बेहद कम थी और सामने से आ रहे वाहन ठीक से दिखाई नहीं दे रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार में आ रहे ट्रैक्टर और ऑटो एक-दूसरे को समय रहते नहीं देख सके और आमने-सामने से भिड़ गए।

हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए। गनीमत रही कि इस भयावह दुर्घटना में ट्रैक्टर चालक केदारनाथ और ऑटो चालक विशेष कुमार दोनों ही सुरक्षित बच गए। हालांकि ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसके दो टुकड़े हो गए, लेकिन किसी भी चालक या राहगीर को गंभीर चोट नहीं आई।

स्थानीय लोगों ने बताया कि अगर हादसे के वक्त ऑटो में सवारियां होतीं तो बड़ा नुकसान हो सकता था। दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात बाधित हो गया, लेकिन लोगों की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया गया, जिसके बाद आवागमन सामान्य हो सका।

इस हादसे के बाद क्षेत्र के लोगों में घने कोहरे के कारण बढ़ते सड़क हादसों को लेकर चिंता देखने को मिली। लोगों ने प्रशासन से अपील की है कि कोहरे के मौसम में सड़क सुरक्षा के लिए उचित कदम उठाए जाएं और वाहन चालकों को भी सावधानी बरतने की जरूरत है।

स्थानीय प्रशासन की ओर से भी वाहन चालकों से अपील की गई है कि कोहरे के दौरान धीमी गति से वाहन चलाएं, फॉग लाइट का प्रयोग करें और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

Check Also

Married Life Tips : हंस-बतख जोड़ी की तस्वीर से बढ़ता प्रेम और वैवाहिक सुख माना जाता

Married Life Vastu Tips: वास्तु शास्त्र और फेंगशुई में हंस तथा मैंडरिन बतख की जोड़ी …