Thursday , April 30 2026

CM Yogi Program Update-खराब मौसम बना बाधा, सिद्धार्थनगर महोत्सव उद्घाटन में शामिल नहीं हो सके मुख्यमंत्री योगी

सिद्धार्थनगर में आयोजित हो रहे सिद्धार्थनगर महोत्सव के उद्घाटन कार्यक्रम पर खराब मौसम का असर साफ तौर पर देखने को मिला। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का इस कार्यक्रम में शामिल होना प्रस्तावित था, लेकिन मौसम के बिगड़ते मिजाज ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम पर ग्रहण लगा दिया। मौसम विभाग की पूर्व चेतावनी के अनुसार जिले में अचानक मौसम ने करवट ली, जिससे प्रशासन भी अलर्ट मोड पर आ गया।

दरअसल, मौसम विभाग पहले ही चेतावनी जारी कर चुका था कि हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय मजबूत पछुवा विक्षोभ के चलते पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मौसम खराब हो सकता है। इसी के तहत सिद्धार्थनगर जनपद में तेज पछुवा हवाओं के साथ हल्की बारिश शुरू हो गई। बदलते मौसम के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई और खुले आयोजनों को लेकर चिंता बढ़ गई।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार यदि पछुवा विक्षोभ और अधिक सक्रिय हुआ, तो जिले में बारिश के साथ ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। इसी को देखते हुए प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है।

मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर पहले से ही सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई थीं, लेकिन खराब मौसम की आशंका को देखते हुए कार्यक्रम में बदलाव किया गया। महोत्सव स्थल पर मौजूद अधिकारी लगातार मौसम की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और आम लोगों से भी सतर्क रहने की अपील की जा रही है।

वहीं, मौसम बिगड़ने के कारण सिद्धार्थनगर महोत्सव में पहुंचने वाले दर्शकों और कलाकारों को भी असुविधाओं का सामना करना पड़ा। कई जगहों पर पंडाल और व्यवस्थाओं को सुरक्षित करने के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए गए। प्रशासन का कहना है कि मौसम सामान्य होने पर आगे के कार्यक्रमों को निर्धारित समयानुसार आयोजित किया जाएगा।

फिलहाल जिले में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है और मौसम विभाग द्वारा जारी की जा रही ताजा अपडेट पर प्रशासन नजर बनाए हुए है। लोगों को खुले स्थानों पर अनावश्यक रूप से जाने से बचने और आकाशीय बिजली के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।

Check Also

Raaka Risk Secret : Raaka पर लगा दांव, फिर हुआ बड़ा उलटफेर

अल्लू अर्जुन की ‘राका’ पर रिलीज से पहले ही बड़ा दांव, बिहार में टेरिटोरियल राइट्स …