
रायबरेली: सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो ने पुलिस के लिए आरोपी की गिरफ्तारी में मदद की। इस वीडियो में रात के अंधेरे में एक युवक बास्तेपुर स्थित एक घर से गैस सिलेंडर चोरी करता हुआ दिख रहा था। इस मामले में पीड़ित पवन कुमार की तहरीर पर थाना कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस ने फोटो और वीडियो के आधार पर आरोपी की पहचान और तलाश शुरू की। इसके बाद, पुलिस ने राहुल कुमार पुत्र भगवानदीन, निवासी मालिक मऊ को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से चोरी किया गया गैस सिलेंडर और नगदी बरामद की गई।
जांच में यह भी सामने आया कि राहुल कुमार पहले भी थाना कोतवाली और थाना मिल एरिया में आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर अधिनियम के तहत कई मामलों में शामिल रहा है।
इस कार्रवाई में सिविल लाइन चौकी प्रभारी कपिल सिंह चौहान, आरक्षी अनिल रावत और जितेंद्र यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस के मुताबिक, आरोपी से पूछताछ जारी है और आगे की कार्यवाही की जा रही है।




