टॉप न्यूज़देश

Wildlife Smuggling : सीबीआई कार्रवाई में 53 दुर्लभ वन्यजीव बचाए, सात तस्कर गिरफ्तार किए गए

53 दुर्लभ जीव तस्करों के चंगुल से आजाद, CBI-DRI की बड़ी कार्रवाई; मुंबई-कोलकाता से 7 आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली: वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI), राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) और वाइल्डलाइफ क्राइम कंट्रोल ब्यूरो (WCCB) की संयुक्त टीम ने 53 संरक्षित वन्यजीवों को तस्करों के कब्जे से सुरक्षित छुड़ा लिया। इस ऑपरेशन में मुंबई और कोलकाता से कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। बरामद किए गए सभी जीव वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की अनुसूची-I में शामिल हैं, जिन्हें भारत में सर्वोच्च कानूनी संरक्षण प्राप्त है।

अधिकारियों के अनुसार, डीआरआई को एक अंतरराज्यीय वन्यजीव तस्करी गिरोह के सक्रिय होने की गोपनीय सूचना मिली थी। इसके आधार पर महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल में कई स्थानों पर एक साथ छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान 15 स्लो लोरिस, 2 बिंटुरोंग, 28 इंडियन स्टार टॉर्टोइज, 6 इजिप्शियन वल्चर (सफेद गिद्ध) और 2 शिकरा पक्षियों को बरामद किया गया।

मुंबई और कोलकाता से सात आरोपी गिरफ्तार

सीबीआई ने 7 और 8 जुलाई 2026 को दो अलग-अलग मामले दर्ज किए। जांच के दौरान मुंबई से नोमान खान, मोहम्मद फारूक और इंशा शकील को गिरफ्तार किया गया, जबकि कोलकाता से सैकत बिस्वास, मिथुन मंडल, हिमांशु मंडल और अर्जुन मंडल को हिरासत में लिया गया।

जांच एजेंसियों का कहना है कि आरोपी देश के विभिन्न हिस्सों से संरक्षित वन्यजीवों को खरीदकर अवैध कारोबार के लिए सप्लाई करते थे। सभी आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 और भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 के तहत आपराधिक साजिश सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

वन विभाग को सौंपे गए सभी जीव

रेस्क्यू किए गए सभी जानवरों और पक्षियों को प्राथमिक देखभाल के बाद महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल के वन विभाग को सौंप दिया गया है, ताकि उनका सुरक्षित संरक्षण और पुनर्वास किया जा सके। एजेंसियों का कहना है कि इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है और मामले की जांच अभी जारी है।

वन्यजीव तस्करी के खिलाफ इस संयुक्त अभियान को हाल के वर्षों की महत्वपूर्ण कार्रवाइयों में माना जा रहा है, क्योंकि इसमें कई दुर्लभ और अत्यधिक संरक्षित प्रजातियों को अवैध व्यापारियों के चंगुल से मुक्त कराया गया है।

Related Articles

Back to top button