
बुलंदशहर से इस वक्त की बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आई है, जहां राष्ट्रीय लोकदल (RLD) के ब्लाक प्रमुख के भतीजे की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इस हाई प्रोफाइल मर्डर की वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है, वहीं पुलिस महकमे में भी हड़कंप मचा हुआ है।
यह घटना बुलंदशहर देहात क्षेत्र के गांव नीमखेड़ा की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक 24 बीघा आम के बाग की खरीद को लेकर विवाद चल रहा था। इस बाग को खरीदने के लिए कई खरीदार मैदान में थे, जिनमें राष्ट्रीय लोकदल के ब्लाक प्रमुख का भतीजा भी शामिल था। बाग की खरीद की मंशा से आज सभी लोग बाग की पैमाइश करने गांव नीमखेड़ा पहुंचे थे।
बताया जा रहा है कि पैमाइश के दौरान ही आम के बाग को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि हमलावरों ने अचानक सड़क पर ही हमला बोल दिया। इस दौरान ब्लाक प्रमुख के भतीजे को लाठी-डंडों और अन्य हथियारों से बेरहमी से पीटा गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं इस घटना में अकरम नाम का एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है। वहीं ब्लाक प्रमुख ने आरोप लगाया है कि हमलावरों ने घटना के दौरान उनकी लाइसेंसी पिस्टल भी छीन ली और मौके से फरार हो गए।
हाई प्रोफाइल मर्डर और मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के कारण पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। किसी भी तरह की तनावपूर्ण स्थिति से निपटने के लिए मेडिकल कॉलेज और आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। मेडिकल कॉलेज में स्वयं एसएसपी बुलंदशहर सहित कई थानों की पुलिस मौजूद रही।
इस मामले को लेकर एसएसपी बुलंदशहर दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि घटना बेहद गंभीर है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
फिलहाल गांव नीमखेड़ा और आसपास के क्षेत्रों में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। पुलिस प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।




