
बुलंदशहर जिले से दबंगई और भूमाफियाओं की दहशत दिखाने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। कोतवाली खुर्जा नगर क्षेत्र के ग्राम उस्मापुर में दबंग भूमाफियाओं ने प्लॉट पर कब्जा करने की नियत से अधेड़ उम्र के एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में पीड़ित गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है। घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
घटना बुलंदशहर के कोतवाली खुर्जा नगर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम उस्मापुर की है। पीड़ित व्यक्ति का नाम किशन बताया जा रहा है, जो अपने प्लॉट से जुड़े कार्य के सिलसिले में मौके पर मौजूद था। इसी दौरान दबंग किस्म के कुछ लोग वहां पहुंचे और प्लॉट पर कब्जा करने की नीयत से किशन के साथ गाली-गलौज करने लगे।
विरोध करने पर आरोप है कि दबंग भूमाफियाओं ने लाठी-डंडों से किशन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। मारपीट इतनी बेरहमी से की गई कि किशन गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने किसी तरह बीच-बचाव कर हमलावरों को वहां से खदेड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली खुर्जा नगर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल किशन को तत्काल अस्पताल भिजवाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित का आरोप है कि दबंग पहले से ही उसके प्लॉट पर नजर लगाए हुए थे और आए दिन उसे धमकाया जाता था। घटना के बाद से पीड़ित और उसका परिवार दहशत में है। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में भूमाफियाओं के हौसले बुलंद हैं और पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।
अब सवाल यह है कि क्या पुलिस इन दबंग भूमाफियाओं पर सख्त कार्रवाई कर पीड़ित को न्याय दिला पाएगी?
या फिर जमीन विवाद के नाम पर ऐसे हमले यूं ही होते रहेंगे?
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।




