Uncategorizedउत्तर प्रदेशटॉप न्यूज़दुनियादेशराज्य

Bulandshahr pipeline accident – जल निगम की पाइप लाइन खुदाई में हादसा, मिट्टी धंसने से मजदूर की मौत

बुलंदशहर में जल निगम की पाइप लाइन डालने के दौरान एक दर्दनाक और जानलेवा हादसा सामने आया है, जिसमें मिट्टी की ढांग गिरने से एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना बुलंदशहर के थाना अरनिया क्षेत्र अंतर्गत गांव गंगावली नहर के पास की बताई जा रही है। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी और आक्रोश का माहौल बन गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जल निगम की ओर से पाइप लाइन बिछाने का कार्य चल रहा था। इसी दौरान अचानक खुदाई की गई खाई की मिट्टी की ढांग भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में एक मजदूर आ गया और वह मिट्टी में पूरी तरह दब गया। मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों और स्थानीय लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन भारी मात्रा में मिट्टी होने के कारण तत्काल रेस्क्यू संभव नहीं हो सका।

सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि हादसे के बाद मौके पर रेस्क्यू के लिए जेसीबी मशीन करीब तीन घंटे की देरी से पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद लगभग चार घंटे बाद मिट्टी में दबे मजदूर के शव को बाहर निकाला जा सका। तब तक मजदूर की मौत हो चुकी थी, जिससे परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया।

घटना के बाद आरोप है कि पाइप लाइन कार्य से जुड़े ठेकेदार, सुपरवाइजर और कंपनी के अन्य जिम्मेदार मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि सुरक्षा मानकों को नजरअंदाज कर मजदूरों से काम कराया जा रहा था, जिसके चलते यह बड़ा हादसा हुआ। हादसे की खबर फैलते ही मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई और लोगों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

सूचना मिलने पर थाना अरनिया पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मृतक मजदूर के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और प्रथम दृष्टया लापरवाही सामने आने पर संबंधित ठेकेदार और अन्य जिम्मेदारों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव गंगावली नहर क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है, वहीं मृतक मजदूर के परिजन न्याय और मुआवजे की मांग कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button