Budaun Police Viral Audio – बदायूं में मारपीट मामले में पुलिस पर गंभीर आरोप, वायरल ऑडियो से मचा हड़कंप

मारपीट मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल, वायरल ऑडियो ने बढ़ाई मुश्किलें

लोकेशन : बदायूं
बदायूं जनपद के हजरतपुर थाना क्षेत्र के चंगासी गांव में हुए मारपीट के एक मामले ने तूल पकड़ लिया है। पीड़ित ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए उच्च अधिकारियों से लिखित शिकायत की है। पीड़ित का आरोप है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सख्त कानूनी धाराएं लगाई जानी चाहिए थीं, लेकिन पुलिस ने हल्की धाराओं में चालान कर महज औपचारिकता पूरी कर दी

पीड़ित के अनुसार, जब उसने इस संबंध में उच्च पुलिस अधिकारियों को शिकायती पत्र भेजा, तो वह पत्र संबंधित थाने तक पहुंच गया। इसके बाद हलका इंचार्ज हरगोविंद ने पीड़ित को थाने बुलाया। आरोप है कि थाने में हुई बातचीत के दौरान हलका इंचार्ज ने पीड़ित के शिकायती पत्र को “निमंत्रण पत्र” बताते हुए कहा कि जो बात उच्च अधिकारियों को लिखी गई है, वही बात वहीं जाकर कही जाए।

इस पूरे घटनाक्रम का एक ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कथित तौर पर हलका इंचार्ज द्वारा शिकायती पत्र को “निमंत्रण पत्र” कहे जाने की बात सुनी जा सकती है। वायरल ऑडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग की कार्यशैली और संवेदनशीलता पर सवाल खड़े हो गए हैं

स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों का कहना है कि यदि पीड़ितों की शिकायतों को इस तरह हल्के में लिया जाएगा, तो आम जनता का पुलिस पर से भरोसा उठ सकता है। वहीं, पीड़ित ने मामले की निष्पक्ष जांच, दोषी पुलिसकर्मी के विरुद्ध कार्रवाई और मारपीट के मामले में सही धाराओं में पुनः कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल इस पूरे मामले में पुलिस के उच्च अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। हालांकि वायरल ऑडियो के आधार पर प्रकरण की जांच कराए जाने की मांग तेज हो गई है। अब देखना होगा कि वरिष्ठ अधिकारी इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हैं और पीड़ित को न्याय मिल पाता है या नहीं।

Check Also

Married Life Tips : हंस-बतख जोड़ी की तस्वीर से बढ़ता प्रेम और वैवाहिक सुख माना जाता

Married Life Vastu Tips: वास्तु शास्त्र और फेंगशुई में हंस तथा मैंडरिन बतख की जोड़ी …